Himachal Pradesh: सुखविंदर सिंह सुक्खू के सिर सजेगा हिमाचल का ताज, मुकेश अग्निहोत्री होंगे डिप्टी सीएम

Himachal Pradesh: सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल के अगले मुख्यमंत्री होंगे। रविवार सुबह 11 बजे उनका शपथ ग्रहण होगा। मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेंगे।

Written By :  aman
Update: 2022-12-10 13:52 GMT

सुखविंदर सिंह सुक्खू (Social Media)

Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। सुक्खू के नाम को आलाकमान की मंजूरी पहले की मिल गई थी। उनके नाम का ऐलान होना बस बाकी था। सुखविंदर सुक्खू रविवार (11 दिसंबर) को हिमाचल के सीएम पद की शपथ लेंगे। वहीं, मुकेश अग्निहोत्री हिमाचल के डिप्टी सीएम होंगे। कल 11 बजे शपथ ग्रहण होगा।

हिमाचल के अगले सीएम के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम फाइनल हो गया है। मुकेश अग्निहोत्री प्रदेश के उप मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने कहा, कि 'आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगाई है। हालांकि, सुक्खू के नाम के ऐलान से पहले सिंह गुट ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की। बता दें, राजधानी शिमला के एक होटल में कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों और दावेदारों की बैठक बुलाई गई थी।

सुखविंदर सुक्खू होंगे हिमाचल के सीएम

हिमाचल के अगले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ही होंगे। उनका नाम फाइनल हो गया है। बताया जा रहा है कुछ ही देर में उनके नाम का ऐलान होगा।

सुक्खू ने गांधी परिवार को कहा शुक्रिया

हिमाचल के भावी मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने अपने नाम की घोषणा के बाद गांधी परिवार का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, 'मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ-साथ प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमारी सरकार प्रदेश में बदलाव लाएगी। हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य के विकास के लिए हम काम करते रहेंगे।'

शपथ ग्रहण में आएंगे राहुल-प्रियंका गांधी

कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि, सर्वसम्मति से सभी विधायकों ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना है। कल 11 बजे उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी इसमें शामिल होंगे।

क्या कहा प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने?

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने सुक्खू के नाम के ऐलान पर कहा कि, फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है। हमें आलाकमान का निर्णय मंजूर है।


प्रतिभा गुट में 6-8 MLA 

शोर और हंगामे के बीच प्रतिभा सिंह खेमे के विधायक बैठक के लिए पहुंचने लगे हैं। शिमला विधानसभा सीट से एमएलए हरीश जनार्था विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा, 'हम राज परिवार के करीब हैं, लेकिन आलाकमान के फैसले के साथ हैं। बैठक में सभी आएंगे। बता दें, प्रतिभा सिंह गुट में 6 से 8 विधायक हैं। 

राजीव शुक्ला- आज ही होगा मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान

हिमाचल में सीएम के लिए सिर फुटौवल के बीच कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा, 'आज ही सीएम के नाम का ऐलान होगा। सभी लोग साथ हैं। तीनों पर्यवेक्षक विधानसभा के लिए निकल चुके हैं।'

सीएम की रेस में थे ये नाम

हिमाचल में सीएम की रेस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh), प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) और 13वीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) का नाम सबसे आगे चल रहा था। इसी बीच, एक नए नाम की सुगबुगाहट में राजेंद्र राणा का नाम भी शामिल थे।   

सीएम की रेस में नया नाम राजेंद्र राणा

बता दें कि, कांग्रेस पार्टी आलाकमान को सीएम चुनने के लिए अधिकृत किया गया है। शाम 5 बजे एक बार फिर शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान संभव है। माना जा रहा है, अगले दो दिनों में राज्य के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होगा। मुख्यमंत्री की रेस में हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री का नाम सबसे आगे है। इसी बीच, एक नए नाम की सुगबुगाहट भी हुई है। ये नाम है राजेंद्र राणा का। कहा जा रहा है शीर्ष नेतृत्व उनके नाम पर भी विचार कर रही है।

उप मुख्यमंत्री के फॉर्मूला पर भी विचार

हिमाचल कांग्रेस में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर पेंच फंसता नजर आ रहा है। जिससे निपटने के लिए कांग्रेस उप मुख्यमंत्री के फार्मूले पर भी विचार कर रही है। यदि, मुख्यमंत्री के नाम घोषित होने के बाद भी सहमति नहीं बनती है, तो डिप्टी सीएम का दांव पार्टी चल सकती है। लेकिन, ये पद किसी कद्दावर नेता के हिस्से में जा सकता है। शिमला ग्रामीण से एमएलए और प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) का नाम भी सुर्ख़ियों में है।

कांग्रेस सरकार को सुहाता नहीं डिप्टी सीएम !

मौजूदा समय में देश के दो राज्यों में ही कांग्रेस की सरकार है। एक राजस्थान और दूसरा छत्तीसगढ़। हिमाचल तीसरा राज्य होगा जहां कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। उप मुख्यमंत्री का पद समीकरण साधने की कोशिश है। राजस्थान में पार्टी ने सचिन पायलट के रूप में डिप्टी सीएम बनाया तो था, मगर ये ज्यादा दिन चल नहीं पाया। कलह बढ़ने के बाद सचिन पायलट को पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इसी तरह छत्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव के बीच आपसी खींचतान जारी है। मध्य प्रदेश में भी कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया की लड़ाई के कारण तो सरकार ही गिर गई थी। ऐसे में हिमाचल में डिप्टी सीएम का फार्मूला कितना कारगर होगा ये देखने की बात होगी।

Tags:    

Similar News