जानवर की तरह दफनाया गया लड़की का शव..., कर्नाटक धर्मस्थल मामले में RTI कार्यकर्ता का चौंकाने वाला खुलासा

Karnataka Dharmasthala Case: कर्नाटक धर्मस्थल मामले में RTI कार्यकर्ता जयंत ने बड़ा दावा किया है।

Update:2025-08-03 17:47 IST

Karnataka Dharmasthala Case

Karnataka Dharmasthala Case: कर्नाटक के धर्मस्थल से जुड़े कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में अब एक और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। RTI कार्यकर्ता जयंत ने एक सनसनीखेज दावा किया है, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।
आपको बता दें कि जयंत एक स्थानीय RTI कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने पुलिस से 2000 से 2015 के बीच दर्ज की गई अज्ञात अप्राकृतिक मौतों की जानकारी मांगी थी। लेकिन इस मामले में पुलिस का जवाब चौंकाने वाला था। पुलिस ने बताया कि उन सभी मामलों से जुड़े पोस्टमार्टम रिपोर्ट्स, फोटोग्राफ, नोटिस और दीवार पर चिपकाए गए पोस्टर नष्ट कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस ने “प्रशासनिक आदेश” के तहत की है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह डेटा जानबूझकर मिटाया गया था? और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छुपी है?

RTI कार्यकर्ता का दावा: मैंने खुद देखा शव दफनाते हुए

जयंत ने एक और बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने SIT में दर्ज की गई शिकायत में कहा है कि उन्होंने खुद देखा था कि किस तरह एक युवती के शव को गुप्त रूप से जमीन में दफनाया गया। उनके मुताबिक, उस वक्त वहां कुछ सरकारी अधिकारी भी मौजूद थे और उस दौरान कानून की खुलेआम अनदेखी की गई। SIT ने जयंत की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उस जगह पर खुदाई की योजना बनाई है, जहां शव दफनाए जाने का शक है।

"लड़की को ऐसे दफनाया जैसे कुत्ते को"

जयंत ने आगे मीडिया से बात करते हुए एक चौंकाने वाला खुलास किया। उन्होंने बताया, "मैंने 2 अगस्त को SIT में शिकायत की, जिसमें बताया कि मैंने वह नजारा खुद अपनी आंखों से देखा था, जिसमें उन्होंने लड़की को ऐसे दफनाया जैसे कोई मरे हुए कुत्ते को गाड़ता है। मैं तबसे बेचैन था। अब जब सही अधिकारी आए हैं, मैंने सच्चाई बताई है।”

मंदिर का पूर्व सफाईकर्मी बना गवाह

इस पूरे मामले की शुरुआत एक मंदिर में 16 साल तक काम करने वाले सफाईकर्मी के बयान से हुई। उसने दावा किया कि उसे कई महिलाओं और नाबालिग लड़कियों की लाशें जलाने या दफनाने के लिए मजबूर किया गया था। उसने आरोप लगाया कि ये सब मंदिर से जुड़े ताकतवर लोगों के कहने पर हुआ। उसने यह भी बताया कि पीड़िताओं के साथ पहले रेप किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई। इस मामले में सफाईकर्मी ने SIT को कुछ सबूत भी दिए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ रही है।

खुदाई में मिले मानव अवशेष

SIT ने पूर्व सफाईकर्मी की जानकारी पर मंदिर परिसर के अलग-अलग स्थानों पर खुदाई शुरू की थी। जिसमें पांच जगह खुदाई करने पर कुछ नहीं मिला, लेकिन छठी जगह से इंसानी हड्डियां मिली हैं। माना जा रहा है कि ये किसी पुरुष के अवशेष हैं। इन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। सफाईकर्मी ने SIT को 15 ऐसी जगहों के बारे में बताया है, जहां शव दफनाने की बात उसने देखी या सुनी है।

Tags:    

Similar News