IPL New Rules: IPL में अब स्मार्ट चश्मों पर बैन! BCCI का बड़ा फैसला, नियम तोड़ा तो होगी कार्रवाई
IPL New Rules: IPL 2026 के दौरान BCCI ने खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के लिए स्मार्ट सनग्लासेस के इस्तेमाल पर बैन लगा दिया है. एंटी-करप्शन यूनिट ने नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.
IPL New Rules: IPL 2026 खत्म होने से पहले BCCI ने बड़ा फैसला लेते हुए खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के लिए नया नियम लागू कर दिया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की एंटी-करप्शन यूनिट ने IPL के दौरान स्मार्ट सनग्लासेस के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी है. बोर्ड का कहना है कि यह फैसला टूर्नामेंट की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लिया गया है.
PMOA एरिया में नहीं कर सकेंगे इस्तेमाल
BCCI की ओर से जारी निर्देश में साफ कहा गया है कि PMOA यानी प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया में कोई भी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ या मैच अधिकारी स्मार्ट सनग्लासेस का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा. इस एरिया में ड्रेसिंग रूम, खिलाड़ियों के बैठने की जगह और मैच अधिकारियों से जुड़े हिस्से शामिल होते हैं.बोर्ड ने माना है कि स्मार्ट डिवाइसेस के जरिए डेटा रिकॉर्डिंग, ऑडियो या वीडियो ट्रांसमिशन जैसी गतिविधियां संभव हो सकती हैं, जिससे टूर्नामेंट की गोपनीयता और एंटी-करप्शन नियमों पर असर पड़ सकता है.
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
BCCI की एंटी-करप्शन यूनिट ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है. बोर्ड ने साफ कर दिया है कि अगर कोई खिलाड़ी या अधिकारी इस नियम का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि सजा के तौर पर क्या कदम उठाए जाएंगे. बताया जा रहा है कि IPL में लगातार नई तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए बोर्ड ने यह फैसला लिया है. स्मार्ट सनग्लासेस में कैमरा, इंटरनेट और रिकॉर्डिंग जैसी सुविधाएं होती हैं, जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से खतरा माना जा रहा है.
IPL में पहले भी सख्त रहे हैं नियम
IPL दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में गिनी जाती है और इसमें एंटी-करप्शन नियमों को लेकर हमेशा सख्ती बरती जाती है. खिलाड़ियों के फोन इस्तेमाल से लेकर ड्रेसिंग रूम की गतिविधियों तक कई नियम पहले से लागू हैं. अब स्मार्ट सनग्लासेस पर बैन लगाकर BCCI ने साफ संकेत दिया है कि लीग में किसी भी तरह की तकनीकी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस फैसले के बाद सभी फ्रेंचाइजी और खिलाड़ियों को नए नियमों का पालन करना होगा.