वैभव सूर्यवंशी पर इंग्लैंड के दिग्गज की भविष्यवाणी, कहा- आने वाला है क्रिकेट का नया सुपरस्टार

14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने IPL में शानदार शुरुआत की। जोस बटलर ने उनकी तुलना युवराज सिंह और ब्रायन लारा जैसे दिग्गजों से की है। जानिए वजह.

Update:2025-06-18 15:39 IST

इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने राजस्थान रॉयल्स के 14 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की बहुत तारीफ की है। बटलर ने वैभव की बल्लेबाजी को भारतीय दिग्गज युवराज सिंह और वेस्टइंडीज के महान ब्रायन लारा से भी जोड़कर बताया। उन्होंने कहा कि वैभव का बैट स्विंग दोनों खिलाड़ियों की तरह शानदार और क्लासिक है।

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था

वैभव सूर्यवंशी ने 14 साल की उम्र में ही IPL में डेब्यू कर सबको हैरान कर दिया था। 19 अप्रैल 2025 को उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था, तब उनकी उम्र सिर्फ 14 साल और 23 दिन थी। वह IPL के इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। जोस बटलर ने एक पॉडकास्ट में कहा कि जब वैभव क्रीज पर आए, तो उन्होंने पहली ही गेंद पर लॉन्ग-ऑफ के ऊपर छक्का मारा। अपनी पहली पारी में वैभव ने 20 गेंदों में 34 रन बनाए थे, जिससे क्रिकेट जगत में तहलका मच गया।

35 गेंदों में IPL का सबसे तेज शतक बनाया

स्टुअर्ट ब्रॉड ने कहा कि जब राजस्थान रॉयल्स ने 14 साल के इस खिलाड़ी को टीम में लिया तो वह हैरान रह गए थे। उन्होंने बताया कि जब वैभव ने शतक बनाया, तो पूरा क्रिकेट वर्ल्ड उस पारी की चर्चा कर रहा था। 28 अप्रैल 2025 को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ वैभव ने सिर्फ 35 गेंदों में IPL का सबसे तेज शतक बनाया। कुल 38 गेंदों में उन्होंने 101 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने कई बड़े छक्के लगाए और मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान जैसे बड़े गेंदबाजों को जमकर निशाना बनाया।

युवराज सिंह और ब्रायन लारा से तुलना

बटलर ने कहा, “वैभव मुझसे 20 साल छोटा है, लेकिन मैदान पर वह चारों तरफ छक्के मार रहा था। वह दुनिया के सबसे अच्छे टी20 गेंदबाज राशिद खान के खिलाफ भी बड़ी आसानी से रन बना रहा था। यह देखकर मैं दंग रह गया।” उन्होंने आगे कहा, “वैभव की बल्लेबाजी में जो फ्लो है, वह युवराज सिंह और ब्रायन लारा जैसा है। उसकी तकनीक और आत्मविश्वास देखकर मैं हैरान रह गया।” चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक मैच में वैभव ने रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन जैसे अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ भी आसानी से रन बनाए। बटलर ने कहा, “मैंने उनका यह मैच टीवी पर ध्यान से देखा था और मैंने सोचा कि वह अब तक का सबसे प्रभावशाली युवा खिलाड़ी है जिसे मैंने खेलते देखा है।”

Tags:    

Similar News