IND vs NZ: पहले टेस्ट में सिराज और जाडेजा को क्यों नहीं मिला मौका? बैटिंग कोच ने बताई अंदर की बात

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को प्लेइंग XI से बाहर रखने पर सितांशु कोटक ने सफाई दी। जानिए उन्होंने क्या कहा।

Update:2026-11-19 15:56 IST

Image Source - Social Media

IND vs NZ First Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में पहला टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच की प्लेइंग इलेवन में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को जगह नहीं मिली है। उनकी जगह तेज गेंदबाजी में आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज को मौका मिला है, जबकि स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर वॉशिंगटन सुंदर को चुना गया है। इसको लेकर फैंस काफी सवाल उठा रहे थे। अब भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने इन फैसलों का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि टीम मैनेजमेंट ने परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सर्वश्रेष्ठ संभावित प्लेइंग XI चुनी है।

'सिराज में कोई कमी नहीं है'

पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान उनसे मोहम्मद सिराज को बाहर रखने के फैसले पर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि सिराज में कोई समस्या नहीं है। टीम मैनेजमेंट ने जिस समय प्लेइंग XI चुनी, उस समय उसे यही सबसे बेहतर संयोजन लगा। कोटक ने कहा कि श्रीलंका के खिलाफ परिस्थितियां अलग थीं और सिराज ने वहां दोनों टेस्ट मैच खेले थे। उन्होंने सिराज को विश्वस्तरीय गेंदबाज बताते हुए कहा कि किसी एक मैच के लिए टीम संयोजन चुनते समय कई पहलुओं को ध्यान में रखना पड़ता है।

जाडेजा की जगह वॉशिंगटन सुंदर को क्यों मिला मौका?

रवींद्र जडेजा को बाहर रखने और वॉशिंगटन सुंदर को मौका देने के पीछे भी कोटक ने बड़ी वजह बताई। उनके मुताबिक, न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज थे। ऐसे में टीम ने ऑफ स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर को शामिल करना बेहतर समझा।

कोटक ने कहा कि यह फैसला केवल पहली पारी को ध्यान में रखकर नहीं लिया गया था, बल्कि दूसरी पारी की परिस्थितियों पर भी विचार किया गया। उन्होंने जाडेजा की तारीफ करते हुए उन्हें शानदार ऑलराउंडर बताया, लेकिन कहा कि इस मुकाबले के लिए वॉशिंगटन सुंदर का कॉम्बिनेशन ज्यादा फिट बैठा।

'पिच सूखने से गेंदबाजों को नहीं मिली ज्यादा मदद

कोटक ने माना कि मैच की शुरुआत में नई गेंद से गेंदबाजों को मदद मिल रही थी, लेकिन धूप निकलने के कारण पिच उम्मीद से जल्दी सूख गई। उनके मुताबिक, मौसम और पिच की परिस्थितियों में आए बदलाव के कारण गेंदबाजों को बाद में उतनी सहायता नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि कूकाबुरा गेंद के 30-35 ओवर पुरानी होने के बाद उसकी सीम सपाट हो जाती है, जिससे गेंदबाजों को स्विंग और मूवमेंट हासिल करने में मुश्किल होती है। कोटक ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की तारीफ की और माना कि भारतीय गेंदबाज कुछ मौकों पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे।

'बुमराह की गेंदबाजी से दूसरे गेंदबाज सीख सकते हैं

कोटक ने जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि बुमराह की लाइन, लेंथ और गेंद को मूव कराने की क्षमता उन्हें बाकी गेंदबाजों से अलग बनाती है। उनके मुताबिक, टीम के दूसरे गेंदबाज बुमराह के अनुभव और कौशल से काफी कुछ सीख सकते हैं।

पहले दिन भारत को शुरुआती सफलता दिलाने में बुमराह की अहम भूमिका रही, लेकिन निकोल्स और फिलिप्स की साझेदारी ने मैच में न्यूजीलैंड की वापसी करा दी। अब भारतीय गेंदबाजों के सामने दूसरे दिन इस साझेदारी को तोड़ने और मेजबान टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोकने की चुनौती होगी।

पहले दिन भारत ने गंवाई शुरुआती बढ़त

इस मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार शुरुआत की थी। जसप्रीत बुमराह ने शुरुआत में ही 3 विकेट चटका दिए थे और इसी वजह से कीवी टीम का स्कोर 70 रन पर पांच विकेट हो गया था। ऐसा लग रहा था कि भारतीय गेंदबाज मेजबान टीम को कम स्कोर पर समेट देंगे। हालांकि, इसके बाद हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए नाबाद 173 रनों की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 243 रन बना लिए थे। निकोल्स 113 और फिलिप्स 94 रन बनाकर नाबाद थे।

Tags:    

Similar News