विनेश फोगाट के साथ फिर 'खेला'! संन्यास से वापसी की कोशिशों पर WFI ने फेरा पानी, लगा दी रोक

WFI Bars Vinesh Phogat from Domestic Tournaments: भारतीय कुश्ती महासंघ ने विनेश फोगाट पर 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके चलते वह 10 से 12 मई तक गोंडा में आयोजित होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सकेंगी।

By :  Shivam
Update:2026-05-09 21:57 IST

Vinesh Phogat

WFI Bars Vinesh Phogat from Domestic Tournaments: भारतीय कुश्ती में एक बार फिर विवाद गहरा गया है क्योंकि भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट की प्रतिस्पर्धी कुश्ती में वापसी पर फिलहाल रोक लगा दी है। महासंघ ने विनेश को 26 जून 2026 तक किसी भी घरेलू टूर्नामेंट में खेलने से प्रतिबंधित कर दिया है, जिसके कारण वह 10 से 12 मई तक गोंडा में आयोजित होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। इस प्रतियोगिता को विनेश की मैट पर वापसी के तौर पर देखा जा रहा था, लेकिन खेल शुरू होने से ठीक पहले फेडरेशन ने उन्हें 15 पन्नों का विस्तृत कारण बताओ नोटिस थमाकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

WFI ने शनिवार को जारी इस नोटिस में विनेश फोगाट पर अनुशासनहीनता और एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। फेडरेशन का कहना है कि एंटी-डोपिंग नियमों के मुताबिक, संन्यास से वापसी करने वाले किसी भी एथलीट को छह महीने का अनिवार्य नोटिस देना होता है, जिसे विनेश ने पूरा नहीं किया है। दो बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता विनेश ने पेरिस ओलंपिक 2024 के फाइनल से अयोग्य घोषित किए जाने के बाद कुश्ती से संन्यास की घोषणा की थी। फेडरेशन का तर्क है कि नियमों के तहत विनेश को अपनी पात्रता साबित करनी होगी और अनिवार्य प्रतीक्षा अवधि पूरी करने के बाद ही वह मैट पर उतर सकेंगी।

पेरिस ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय छवि पर उठे सवाल

महासंघ द्वारा भेजे गए 15 पन्नों के लंबे नोटिस में कहा गया है कि विनेश के पिछले कुछ समय के आचरण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कुश्ती की छवि को नुकसान पहुंचा है। WFI ने आरोप लगाया कि विनेश ने खेल के संविधान और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती नियमों (UWW) का उल्लंघन किया है। वहीं दूसरी ओर, विनेश फोगाट ने पहले ही महासंघ पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि उन्हें जानबूझकर गोंडा टूर्नामेंट से दूर रखा जा रहा है। विनेश उन प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल थीं जिन्होंने पूर्व डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे।

पात्रता साबित करने की जिम्मेदारी अब विनेश पर

WFI के अध्यक्ष संजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि वाडा (WADA) और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के नियमों का पालन करना हर खिलाड़ी के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि विनेश यह साबित करने में विफल रही हैं कि उन्होंने संन्यास से वापसी की आवश्यक शर्तें पूरी की हैं। फेडरेशन ने विनेश से चार मुख्य बिंदुओं पर जवाब मांगा है, जिनमें पेरिस ओलंपिक में अयोग्य ठहराए जाने की घटना, डोपिंग रोधी नियमों के तहत अपने ठौर-ठिकाने (Whereabouts) की जानकारी देने में विफलता और पिछले साल ट्रायल के दौरान दो भार वर्गों में भाग लेना शामिल है। अब विनेश की भविष्य की राह उनके द्वारा दिए जाने वाले जवाब और फेडरेशन के अगले कदम पर निर्भर करेगी।

Tags:    

Similar News