AI रोबोट NEO का कमाल: ये ह्यूमनॉइड रोबोट बात करता है, मेन्यू सुझाता है और दरवाज़े भी खोलता है

AI Robot NEO: नॉर्वे की कंपनी 1X ने लॉन्च किया ह्यूमनॉइड रोबोट NEO, जो बात करने से लेकर घर के काम तक कर सकेगा; कीमत 18 लाख से शुरू

Update:2025-11-01 17:06 IST

AI Robot NEO 

AI Robot NEO: अपने कभी सोचा था कि एक मशीन मानव यानी रोबोट आपके साथ एक फैमिली मेंबर की तरह शामिल होगा। हालांकि आज से काफी साल पहले ऐसी कई बच्चों की फिल्में या सीरीज सिल्वर स्क्रीन पर प्रसारित हुए जिनमें काल्पनिक फैक्ट्स के आधार पर रोबोट को इंसानों की तरह घर संभालते, खाना बनाते हैं, बातें करते हुए दिखाया गया। लेकिन अब वही कल्पना हकीकत बन चुकी है। नॉर्वे की कंपनी 1X टेक्नोलॉजिस (1X Technologies) ने दुनिया का पहला ऐसा ह्यूमीनाइड रोबोट लॉन्च किया है, जो घर में इंसानों के साथ रहकर उनकी मदद कर सकता है। इसका नाम है NEO। इसे देखकर आपको लगेगा, कि जल्द ही हमारे परिवार का यह जरूरी हिस्सा होगा। आइए जानते हैं ह्यूमीनाइड रोबोट NEO से जुड़े डिटेल्स के बारे में विस्तार से -

NEO इंसानों की तरह बात करता है, समझता है और याद भी रखता है

NEO की सबसे बड़ी ताकत उसका दिमाग है। इसमें ऐसा एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लगा है जो आपकी भाषा समझ सकता है, चेहरे के भाव पहचान सकता है और पहले हुई बातचीत को याद भी रखता है। आप इसे कुछ भी करने को बोलें ये उसे सुनता है और उस काम को परफेक्शन के साथ पूरा भी करता है। NEO से कहें कि 'लाइट बंद कर दो, आज रात पास्ता बनाना है, या कल सुबह 7 बजे मुझे जगाना, यह सब कुछ समझकर तुरंत काम में लग जाता है। इसमें लगा लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) इंसानों की तरह संवाद करने की क्षमता देता है। NEO सिर्फ जवाब नहीं देता, बल्कि बातचीत के मूड और संदर्भ को भी पकड़ लेता है। मान लीजिए, आपने थकान भरे दिन के बाद कहा कि, आज बहुत थक गई हूं, तो यह आपको आराम करने की सलाह भी दे सकता है या आपके पसंदीदा गाने बजा देगा। इसकी यही समझदारी इसे एक असिस्टेंट से बढ़कर घर का सदस्य बना देती है।

ये सीखने के साथ खुद को बेहतर बनाता रहता है

NEO की खूबी यह है कि यह केवल तयशुदा आदेशों तक सीमित नहीं है। इसे नई चीजें सीखने की क्षमता दी गई है। यानी अगर आप इसे दिखाकर सिखाएं कि डाइनिंग टेबल कैसे साफ करनी है या फर्श पर गिरा पानी कैसे पोंछना है, तो यह धीरे-धीरे वही काम खुद करने लगेगा। इसके अंदर का AI सिस्टम हर नए अनुभव से सीखता है जैसे इंसान सीखते हैं। हर अपडेट के साथ यह पहले से ज्यादा समझदार और सटीक बनता जाता है। कंपनी के अनुसार, NEO को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वह अलग-अलग माहौल में खुद को ढाल सके। चाहे किचन हो, लिविंग रूम या बेडरूम यह पहचान लेता है कि कहां कौन-सा काम सुरक्षित और जरूरी है।

इस रोबोट की है मजबूत, हल्का और बेहद सुरक्षित डिजाइन

पहली नज़र में NEO एक साधारण इंसान जैसा दिखता है न बहुत बड़ा, न बहुत भारी। इसका वजन करीब 30 किलो है, लेकिन यह 70 किलो तक का सामान उठाने में सक्षम है। शरीर को सॉफ्ट 3D स्ट्रक्चर से बनाया गया है, जिससे यह इंसानों के आसपास काम करने में पूरी तरह सुरक्षित रहता है।

इसमें लगी टेंडन-ड्राइव मोटर सिस्टम इसे स्मूद और नेचुरल मूवमेंट देती है। चलते वक्त यह बहुत शांत रहता है। इसकी आवाज़ लगभग फ्रिज के शोर जितनी ही हल्की होती है। इतना ही नहीं, इसमें 5G, ब्लूटूथ और वाई-फाई जैसी कनेक्टिविटी मौजूद है। जिससे यह घर के बाकी स्मार्ट डिवाइसेज़ से जुड़कर काम कर सकता है।

कंपनी ने इसे सिर्फ काम करने वाली मशीन नहीं बल्कि मनोरंजन साथी के रूप में भी डिजाइन किया है। यानी NEO म्यूजिक चला सकता है, जोक्स सुना सकता है या बच्चों के साथ इंटरएक्टिव गेम भी खेल सकता है।

इस रोबोट की कीमत और उपलब्धता

अगर आप इसे खरीदने की सोच रहे हैं, तो जान लें कि फिलहाल इसकी कीमत थोड़ी प्रीमियम है। 1X Technologies ने इसकी शुरुआती कीमत 20,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 18 लाख रुपये) तय की है। इसके साथ 499 डॉलर (लगभग 44,000 रुपये) प्रति माह का सब्सक्रिप्शन प्लान भी है, जिसमें क्लाउड सपोर्ट, नियमित अपडेट और सर्विस शामिल हैं। कंपनी ने प्री-ऑर्डर की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पहली डिलीवरी 2026 में अमेरिका में दी जाएगी। भारत सहित अन्य देशों में इसकी लॉन्चिंग 2027 तक की जा सकती है। रंगों की बात करें तो यह तीन आकर्षक शेड्स टैन, ग्रे और डार्क ब्राउन में मिलेगा, ताकि यह आपके घर के इंटीरियर के साथ आसानी से मेल खा सके।

NEO रोबोट की खूबियों के साथ ही कुछ सीमाएं भी हैं शामिल

NEO में जितनी अधिक खूबियां है, उतना ही जरूरी है यह समझना कि यह अभी इंसान जैसा परिपूर्ण नहीं है। यह रसोई की आग या पानी जैसे जोखिम भरे माहौल में काम करने के लिए उपयुक्त नहीं है। इसके अलावा, जब यह नए काम सीखता है, तो कभी-कभी कंपनी के ट्रेनर को इसके कैमरे के ज़रिए गाइड करना पड़ता है। जिससे डेटा प्राइवेसी पर कुछ सवाल उठे हैं।

भारत में इसकी सर्विस और सपोर्ट सिस्टम की जानकारी भी फिलहाल सीमित है। इसलिए इसे फिलहाल अर्ली अडॉप्टर्स यानी तकनीक के शौकीन लोगों के लिए ही बनाया गया है, जो नई चीज़ें आज़माने में पीछे नहीं हटते।NEO की लॉन्चिंग यह साबित करती है कि रोबोटिक्स अब हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बनने वाला है। आने वाले कुछ वर्षों में शायद हर घर में ऐसा एक रोबोट होगा जो खाना बनाने, बच्चों को होमवर्क कराने या बुजुर्गों की मदद करने में सक्षम होगा। अभी इसकी कीमत ऊंची है, लेकिन तकनीक जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे यह आम लोगों की पहुंच में भी आ जाएगी। NEO ने एक नई जीवनशैली की शुरुआत की है। जहां मशीनें सिर्फ उपकरण नहीं, बल्कि हमारे घर में हमारी साथी बनकर रहेंगी।

Tags:    

Similar News