Honda की पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल लॉन्च, जानिए भारत में कब हो सकती है एंट्री और कितनी होगी कीमत
Honda WN7 Electric Motorcycle: 67HP की पावर, 100Nm टॉर्क और प्रीमियम लुक... Honda की पहली इलेक्ट्रिक बाइक ने मचाई हलचल
Honda WN7 Electric Motorcycle Unveiled 2026
Honda WN7 Electric Motorcycle: दुनिया की सबसे भरोसेमंद दोपहिया कंपनियों में शामिल होंडा ने आखिरकार अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक लार्ज-डिस्प्लेसमेंट मोटरसाइकिल Honda WN7 से पर्दा उठा दिया है। यूरोपीय बाजार में लॉन्च हुई यह इलेक्ट्रिक नेकेड बाइक दमदार परफॉर्मेंस, प्रीमियम डिजाइन और आधुनिक तकनीक का शानदार मेल है। करीब 16,879 डॉलर (लगभग 14.5 लाख रुपये) की शुरुआती कीमत वाली यह बाइक 67 हॉर्सपावर की ताकत, 100Nm टॉर्क और 9.3kWh बैटरी पैक के साथ आती है। होंडा के लिए यह सिर्फ एक नई बाइक नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में बड़ी एंट्री है। क्या यह बाइक भारत में भी लॉन्च होगी? आइए जानते हैं Honda WN7 की कीमत, फीचर्स, डिजाइन और भारत में इसकी संभावित एंट्री से जुड़ी पूरी जानकारी के बारे में -
Honda WN7 के साथ इलेक्ट्रिक बाइक सेगमेंट में होंडा की बड़ी शुरुआत
होंडा अब तक छोटे इलेक्ट्रिक स्कूटर और कॉन्सेप्ट मॉडल पर काम कर रही थी, लेकिन WN7 के जरिए कंपनी ने पहली बार बड़े डिस्प्लेसमेंट वाली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में कदम रखा है। यह मॉडल पहले पेश किए गए EV Fun Concept का प्रोडक्शन वर्जन माना जा रहा है। इस लॉन्च के साथ होंडा ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले वर्षों में उसकी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल लाइनअप तेजी से बढ़ने वाली है। कंपनी का फोकस सिर्फ पर्यावरण के अनुकूल वाहन बनाना नहीं, बल्कि परफॉर्मेंस और प्रीमियम अनुभव देने पर भी है।
क्लासिक और मॉडर्न डिजाइन का शानदार मेल
Honda WN7 का डिजाइन पहली नजर में ही अलग पहचान बनाता है। यह एक नेकेड स्ट्रीट बाइक है, इसलिए इसमें भारी-भरकम फेयरिंग या बड़ी विंडस्क्रीन नहीं दी गई है। इसका खुला और मस्कुलर लुक इसे स्पोर्टी अंदाज देता है। बाइक के बीचों-बीच लगा बड़ा बैटरी पैक इसकी सबसे खास पहचान है। वहीं पीछे दिया गया सिंगल-साइड स्विंगआर्म इसे प्रीमियम स्पोर्ट्स बाइक जैसा लुक देता है। यह डिजाइन आमतौर पर महंगी यूरोपीय मोटरसाइकिलों में देखने को मिलता है। जिससे WN7 की प्रीमियम अपील और बढ़ जाती है।
9.3kWh बैटरी और 100Nm टॉर्क से मिलेगी दमदार परफॉर्मेंस
Honda WN7 में 9.3kWh का लिथियम-आयन बैटरी पैक दिया गया है। इसके साथ लगी इलेक्ट्रिक मोटर 67 हॉर्सपावर और 100Nm का अधिकतम टॉर्क पैदा करती है। इलेक्ट्रिक मोटर का सबसे बड़ा फायदा इसका इंस्टेंट टॉर्क होता है। जैसे ही राइडर एक्सीलेटर घुमाता है, बाइक बिना किसी देरी के पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ती है। यही वजह है कि WN7 शहर के साथ-साथ हाईवे पर भी तेज और स्मूद राइडिंग का अनुभव देने का दावा करती है। जबकि बाइक का वजन 217 किलोग्राम है।वहीं इलेक्ट्रिक मोटर की तुरंत मिलने वाली ताकत इसकी भारी बॉडी का असर काफी हद तक कम कर देती है।
स्मार्ट फीचर्स से लैस है Honda WN7
Honda ने इस इलेक्ट्रिक बाइक में कई आधुनिक फीचर्स शामिल किए हैं। इसमें एडजस्टेबल रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम दिया गया है, जो ब्रेक लगाने के दौरान ऊर्जा को दोबारा बैटरी में भेजने में मदद करता है। इससे बैटरी की दक्षता बढ़ती है और मैकेनिकल ब्रेक पर दबाव भी कम पड़ता है। इसके अलावा बाइक में वॉकिंग स्पीड मोड भी मिलता है। यह फीचर पार्किंग या तंग जगहों पर बाइक को बहुत धीमी गति से आगे या पीछे ले जाने में मदद करता है। इससे अचानक तेज एक्सीलेरेशन का खतरा कम हो जाता है और भारी बाइक को संभालना आसान हो जाता है।
यूरोप और ब्रिटेन में कितनी है कीमत?
Honda WN7 की कीमत इसे सीधे प्रीमियम इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में खड़ा करती है।
ब्रिटेन में इस बाइक की शुरुआती कीमत £12,999, यूरोप में शुरुआती कीमत €14,780 (करीब 16,879 डॉलर) वहीं भारतीय रुपये में इसकी कीमत लगभग 14.5 लाख रुपये के बराबर बैठती है। भारत में लॉन्च होने पर टैक्स और अन्य शुल्क के कारण इसकी कीमत अलग हो सकती है।
किन बाइकों से होगा मुकाबला?
यूरोप और ब्रिटेन के बाजार में Honda WN7 का मुकाबला मुख्य रूप से LiveWire One जैसी प्रीमियम इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों से माना जा रहा है। होंडा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत ब्रांड, भरोसेमंद इंजीनियरिंग और दुनिया भर में फैला सर्विस नेटवर्क है। ऐसे में कंपनी इस सेगमेंट में प्रीमियम ग्राहकों को आकर्षित करने की पूरी कोशिश कर रही है।
क्या भारत में लॉन्च होगी Honda WN7?
अभी तक होंडा ने Honda WN7 के भारत लॉन्च की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बढ़ती मांग और प्रीमियम इलेक्ट्रिक बाइक सेगमेंट के विस्तार को देखते हुए भविष्य में इसकी एंट्री से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि यह मॉडल भारत आता है तो इसकी कीमत काफी ऊंची रहने की संभावना है। ऐसे में शुरुआती दौर में यह बड़े शहरों और प्रीमियम ग्राहकों को ध्यान में रखकर सीमित संख्या में लॉन्च की जा सकती है। इसके साथ ही होंडा पहले स्थानीय बाजार के लिए अधिक किफायती इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल भी पेश कर सकती है।