Cyber Tyre Technology 2026: कारों के बाद अब टायर हुए स्मार्ट, जानिए क्या है सड़क पर खतरे से पहले ही करेगा अलर्ट!

Cyber Tyre Technology 2026: AI और सेंसर से लैस Cyber Tyres बदल सकते हैं भविष्य की ड्राइविंग

Update:2026-05-14 06:30 IST

Cyber Tyre Technology 2026

Cyber Tyre Technology 2026: ऑटो इंडस्ट्री समय के साथ तकनीकी क्रांति की ओर तेजी से कदम बढ़ाता जा रहा है। यही वजह है कि आज की कारें सिर्फ तेज रफ्तार या शानदार डिजाइन तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि अब वे तेजी से स्मार्ट टेक्नोलॉजी से लैस होती जा रही हैं। जिस तरह कारों में AI, ऑटोमैटिक ब्रेकिंग और स्मार्ट सेंसर का इस्तेमाल बढ़ा है, उसी तरह अब टायर भी हाई-टेक बनने लगे हैं। इसी दिशा में इटली की मशहूर टायर कंपनी Pirelli ने साइबर टायर नाम की एक खास तकनीक विकसित की है, जो आने वाले समय में सड़क सुरक्षा और ड्राइविंग अनुभव को पूरी तरह बदल सकती है। साइबर टायर एक ऐसा स्मार्ट टायर है, जिसमें बेहद छोटे सेंसर लगाए जाते हैं। ये सेंसर लगातार टायर से जुड़ी अहम जानकारियां रिकॉर्ड करते रहते हैं। जैसे टायर का प्रेशर कितना है, तापमान कितना बढ़ रहा है, सड़क पर पकड़ कैसी है और टायर कितनी अच्छी स्थिति में है। यह पूरा डेटा सीधे कार के कंप्यूटर सिस्टम तक पहुंचता है, जिससे वाहन तुरंत हालात के हिसाब से खुद को एडजस्ट कर सकता है।

कैसे काम करता है साइबर टायर

साधारण टायर सिर्फ सड़क पर चलने का काम करते हैं, लेकिन साइबर टायर सड़क और कार के बीच एक स्मार्ट कम्युनिकेशन डिवाइस की तरह काम करता है। इसमें लगे सेंसर हर सेकंड डेटा इकट्ठा करते हैं और कार के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को भेजते हैं। अगर सड़क पर पानी जमा है, कहीं फिसलन है या सड़क की पकड़ कमजोर हो रही है, तो यह सिस्टम तुरंत कार को अलर्ट कर सकता है। इसके बाद कार का ब्रेकिंग सिस्टम, ट्रैक्शन कंट्रोल या सस्पेंशन अपने आप एडजस्ट हो सकता है ताकि गाड़ी का संतुलन बना रहे और हादसे का खतरा कम हो।

AI टेक्नोलॉजी इसे और ज्यादा स्मार्ट बना रही

अब इस तकनीक को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से भी जोड़ा जा रहा है। AI की मदद से टायर सिर्फ जानकारी भेजने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि डेटा को समझकर कार को सही फैसला लेने में मदद करेगा। उदाहरण के तौर पर अगर सड़क पर अचानक फिसलन बढ़ती है, तो कार पहले से अपनी स्पीड और ब्रेकिंग सिस्टम को एडजस्ट कर सकती है। इससे ड्राइवर को बेहतर कंट्रोल मिलता है और दुर्घटना का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है। यही वजह है कि भविष्य की सेल्फ-ड्राइविंग कारों में इस तकनीक को बेहद अहम माना जा रहा है।

सड़क पर खतरे का पहले ही मिल जाएगा संकेत

साइबर टायर की सबसे बड़ी ताकत इसकी रियल-टाइम मॉनिटरिंग क्षमता है। क्योंकि टायर सीधे सड़क के संपर्क में होता है, इसलिए उसे सबसे पहले सड़क की स्थिति का अंदाजा हो जाता है। अगर आगे गड्ढा है, सड़क पर पानी जमा है या पकड़ कमजोर हो रही है, तो यह सिस्टम तुरंत कार और ड्राइवर को चेतावनी दे सकता है। इससे चालक समय रहते सावधान हो जाता है और हादसे की आशंका कम हो जाती है। सड़क सुरक्षा के लिहाज से इसे भविष्य की बड़ी तकनीक माना जा रहा है।

ड्राइविंग अनुभव को भी बनाता है बेहतर

यह तकनीक सिर्फ सुरक्षा ही नहीं बढ़ाती, बल्कि ड्राइविंग को ज्यादा आरामदायक और भरोसेमंद भी बनाती है। ड्राइवर को कार की स्क्रीन पर टायर से जुड़ी लाइव जानकारी मिलती रहती है। जैसे टायर में हवा कम हो रही है या नहीं, टायर कितना घिस चुका है और कब सर्विस की जरूरत पड़ सकती है। इससे वाहन की मेंटेनेंस आसान हो जाती है और बीच रास्ते में अचानक खराबी आने का खतरा भी कम हो सकता है। कुल मिलाकर ड्राइवर को ज्यादा कॉन्फिडेंस और बेहतर कंट्रोल महसूस होता है।

इलेक्ट्रिक और लग्जरी कारों में बढ़ेगा इस्तेमाल

आने वाले समय में साइबर टायर तकनीक का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों यानी EVs में तेजी से बढ़ सकता है। EV कारों में बैटरी की बचत बेहद जरूरी होती है और स्मार्ट टायर सड़क के हिसाब से गाड़ी की परफॉर्मेंस को बेहतर बनाकर ऊर्जा बचाने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा लग्जरी कारों और ऑटोमैटिक ड्राइविंग सिस्टम वाली गाड़ियों में भी यह तकनीक काफी उपयोगी साबित हो सकती है। माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में यह फीचर प्रीमियम कारों की पहचान बन सकता है।

अब तक टायर को सिर्फ रबर का हिस्सा माना जाता था, लेकिन आने वाले समय में यह एक स्मार्ट डिवाइस की तरह काम करेगा। एक्सपर्ट्स का मानना है कि भविष्य की कारों में टायर, AI और कार का सिस्टम एक-दूसरे से लगातार जुड़े रहेंगे। हालांकि फिलहाल यह तकनीक महंगी और चुनिंदा गाड़ियों तक सीमित है, लेकिन धीरे-धीरे इसके आम कारों तक पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।

Tags:    

Similar News