Samsung AI Chip Plant: AI की दौड़ में सैमसंग ने खेला बड़ा दांव, वियतनाम में बनाएगी मेमोरी चिप्स का विशाल प्लांट

Samsung AI Chip Plant 2026: AI चिप्स की बढ़ती मांग के बीच सैमसंग ने वियतनाम में 1.5 अरब डॉलर निवेश का बड़ा प्लान बनाया, जानें क्या होगा असर

Update:2026-05-27 17:22 IST

Samsung AI Chip Plant 2026

Samsung AI Chip Plant 2026: आज के दौर में तकनीकी क्रांति सपूर्ण विश्व में एक बड़े बदलाव की सौगात लेकर आई है। जिसमें Ai की मौजूदगी एक अहम कड़ी साबित हुई है। इसी क्रम में दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग ने सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री को नई रफ्तार दे दी है। AI सर्वर, स्मार्टफोन, डेटा सेंटर और क्लाउड टेक्नोलॉजी के विस्तार के बीच अब मेमोरी चिप्स की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है। इसी बीच दक्षिण कोरिया की टेक दिग्गज सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने भी एक बड़ा फैसला लेते हुए सारी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अब इस कंपनी ने वियतनाम में 1.5 अरब डॉलर के निवेश से नया सेमीकंडक्टर परीक्षण संयंत्र स्थापित करने की योजना बनाई है।

इसमें सबसे खास बात यह है कि यह प्लांट वियतनाम में सैमसंग का अपनी तरह का पहला सेमीकंडक्टर टेस्टिंग प्लांट होगा। जिसके अगले साल नवंबर 2027 तक शुरू होने की उम्मीद की जा रही है। कंपनी का यह कदम केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वैश्विक चिप सप्लाई चेन में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है। भारी संख्या में चिप निर्माण इलेक्ट्रॉनिक्स विकास के क्षेत्र में गेम चेंजर साबित होगा।

AI बूम के बीच बढ़ी मेमोरी चिप्स की मांग

वर्क प्लेस पर लगभग दो वर्षों में AI तकनीक के तेजी से विस्तार ने हाई-परफॉर्मेंस मेमोरी चिप्स की मांग को कई गुना बढ़ा दिया है। चैट GPT जैसे AI मॉडल, क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा सेंटर को बड़ी मात्रा में DRAM यानी डायनेमिक रैंडम एक्सेस मेमोरीऔर NAND यानी नॉट-एंड फ्लैश मेमोरी मेमोरी की जरूरत पड़ रही है।

इसी वजह से दुनिया की बड़ी चिप कंपनियां अब अपने संसाधनों को AI-केंद्रित चिप्स की ओर मोड़ रही हैं। जबकि इस नए अपडेट से पारंपरिक मेमोरी चिप्स की सप्लाई प्रभावित हुई है। जिसके चलते ऑटोमोबाइल, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और इंडस्ट्रियल डिवाइसेज में इस्तेमाल होने वाले पुराने मेमोरी चिप्स की मांग अब भी बनी हुई है। सैमसंग का नया प्लांट भारी मात्रा में चिप निर्माण के साथ इसी गैप को भरने का काम करेगा।

हनोई के पास बनेगा नया संयंत्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह प्लांट वियतनाम की राजधानी (Hanoi)हनोई से करीब 60 किलोमीटर उत्तर में स्थित एक औद्योगिक पार्क में बनाया जा रहा है। यह संयंत्र मुख्य रूप से पुराने DRAM और NAND मेमोरी चिप्स के परीक्षण और उत्पादन पर फोकस करेगा। सैमसंग कंपनी के अनुमान के अनुसार प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 153.3 बिलियन गीगाबिट DRAM और 255.6 बिलियन गीगाबिट NAND मेमोरी चिप्स की होगी। ये चिप्स स्मार्टफोन, लैपटॉप, सर्वर और कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज में इस्तेमाल किए जाते हैं।

वियतनाम क्यों बन रहा टेक कंपनियों की पसंद?

पिछले कुछ वर्षों में देखा गया है कि, वियतनाम एशिया का बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब बनकर उभरा है। कम लागत, मजबूत मेनपावर और बेहतर निर्यात सुविधाओं के कारण कई वैश्विक कंपनियां चीन के बारे विकल्प के रूप में वियतनाम की ओर रुख कर रही हैं। सैमसंग पहले से ही वियतनाम में सबसे बड़ा विदेशी निवेशक है। कंपनी ने अब तक वहां 23 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है। सैमसंग के स्मार्टफोन, डिस्प्ले और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का बड़ा हिस्सा वियतनाम में ही तैयार होता है। अब सेमीकंडक्टर सेक्टर में यह नया निवेश वियतनाम को वैश्विक चिप इंडस्ट्री निर्माण के क्षेत्र में और मजबूत स्थिति दिलाने में सहायक साबित होगा।

दूसरी फैक्ट्री की भी तैयारी

वियतनामी अधिकारियों ने इस परियोजना को मार्च 2026 में मंजूरी दी थी। इसमें सबसे खास बात यह है कि सैमसंग इस प्रोजेक्ट से होने वाले अनुमानित 2.5 अरब डॉलर तक के मुनाफे को भविष्य में दूसरे प्लांट में दोबारा निवेश करने की योजना बना रही है।

इस योजना के पूरा होने पर संभावना जताई जा रही है कि वियतनाम में इस कंपनी की चिप उत्पादन क्षमता में दूनी गति से इजाफा हो सकता है। इससे कंपनी को अमेरिका, चीन और ताइवान के बीच बढ़ती टेक प्रतिस्पर्धा के दौर में सप्लाई चेन को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

सेमीकंडक्टर बैक-एंड मार्केट में वियतनाम की मजबूत पकड़

वियतनाम बैक-एंड मार्केट में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। असल में सेमीकंडक्टर निर्माण की प्रक्रिया एक या दो नहीं बल्कि कई चरणों में जाकर पूरी होती है। सेमीकंडक्टर निर्माण में डिजाइन और वेफर निर्माण के बाद अंतिम चरण असेंबलिंग, पैकेजिंग और टेस्टिंग का होता है, जिसे बैक-एंड कहा जाता है। इस देश में पहले से इंटेल, एमकोर टेक्नोलॉजी और हाना माइक्रोन जैसी नामचीन कंपनियों के प्लांट मौजूद हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सैमसंग कंपनी के अब सेमीकंडक्टर टेस्टिंग के नए निवेश से वियतनाम की स्थिति और मजबूत होगी तथा देश एशिया की महत्वपूर्ण सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बनने की ओर कदम मजबूती से बढ़ा सकता है।

वैश्विक चिप बाजार पर क्या होगा असर?

दुनियाभर में चिप्स की मांग लगातार बढ़ रही है। इलेक्ट्रिक वाहन, AI डिवाइस, स्मार्ट होम गैजेट्स और 5G तकनीक आने वाले वर्षों में इस मांग को और तेज कर सकते हैं। ऐसे में सैमसंग का यह निवेश केवल एक फैक्ट्री लगाने का मामला नहीं है, बल्कि यह भविष्य की टेक अर्थव्यवस्था में अपनी स्थिति मजबूत करने की बड़ी रणनीति का संकेत माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि यह परियोजना तय समय पर पूरी होती है, तो आने वाले वर्षों में वियतनाम वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग के सबसे महत्वपूर्ण केंद्रों में खुद को शामिल कर सकता है।

Tags:    

Similar News