Two Wheeler Sales: 20 लाख टू-व्हीलर्स बिकीं, त्योहारी मौसम में Royal Enfield और TVS ने मचाया धमाल
Two Wheeler Sales September 2025: सितंबर 2025 में 20 लाख टू-व्हीलर्स की बिक्री, बाजार में 9% उछाल। Royal Enfield, TVS और Honda ने रिकॉर्ड तोड़ा, दिवाली सीजन में और बढ़ेगी रफ्तार।
Two Wheeler Sales September 2025 (Image Credit-Social Media)
Two Wheeler Sales September 2025: नवरात्रों से शुरू हुई फेस्टिविटी के साथ भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर में जबरदस्त रौनकों का माहौल अब रफ्तार पकड़ चुका है। खासतौर से पिछला सितंबर 2025 का महीना देश के टू-व्हीलर उद्योग के लिए लकी साबित हुआ है। इस न एक ही महीने में 20 लाख से ज्यादा बाइक और स्कूटर की बिक्री ने सफलता के आंकड़े को उम्मीद से भी पार लाकर खड़ा कर दिया है। यह आंकड़ा न सिर्फ बीते साल की तुलना में 9% की छलांग दिखाता है, बल्कि बाजार में ग्राहकों के बढ़ते विश्वास और बदली आर्थिक परिस्थितियों का भी संकेत देता है। आइए जानते हैं इस विषय पर विस्तार से -
GST कटौती की सौगात और त्योहारों की खुशबू से बढ़ी वाहनों की बिक्री
टू-व्हीलर कंपनियों की सेल्स में इस बार दो बड़ी वजहों से जबरदस्त उछाल देखा गया है। पहली, सरकार द्वारा GST में कटौती (28% से घटाकर 18%), और दूसरी, नवरात्र, दशहरा और दिवाली जैसे त्योहारों की शुरुआत। नवरात्रि और दशहरे जैसे उल्लासपूर्ण उत्सवों से ठीक पहले बाजार में खरीदारी का जोश चरम पर पहुंच गया। डीलरशिप्स पर ग्राहकों की भीड़ लगातार बढ़ती रही, और खासतौर पर कम्यूटर बाइक सेगमेंट में तो मांग दोगुनी हो गई। कई खरीदारों ने बताया कि GST दरों में कमी से अब बाइक और स्कूटर पहले की तुलना में सस्ते हो गए हैं, जिससे मिडिल-क्लास उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।
बिक्री में टॉप पर रही Royal Enfield, पहली बार पार किया 1 लाख यूनिट का आंकड़ा
Royal Enfield के लिए सितंबर 2025 बेहद भाग्यशाली साबित हुआ है। इस महीने कंपनी की बिक्री 43% से बढ़कर 1,13,000 यूनिट्स तक पहुंच गई है। जो अब तक की इस कंपनी के लिए सबसे बड़ी मासिक बिक्री है। Royal Enfield के CEO बी. गोविंदराजन के अनुसार, यह पहली बार है जब कंपनी ने एक महीने में 1 लाख से ज्यादा बाइक बेचीं। इस सफलता में Classic, Bullet और Hunter जैसे पॉपुलर मॉडल्स का सबसे बड़ा योगदान रहा। खास बात यह है कि कंपनी की नई पीढ़ी को लक्ष्य कर पेश किए गए Hunter 350 और Bullet 350 के रिडिज़ाइन्ड वर्ज़न युवाओं में बेहद लोकप्रिय हुए। ऑटो एक्सपर्ट्स का कहना है कि, Royal Enfield अब सिर्फ 'लाइफस्टाइल ब्रांड' नहीं रहा, बल्कि हर बजट और जरूरत के ग्राहक को ध्यान में रखकर प्रोडक्ट लाइन तैयार कर रहा है।
TVS Motor ने स्कूटर और EV से की मजबूत पकड़, अफ्रीकी देशों और लैटिन अमेरिका में उसकी मोटरसाइकिल्स की जबरदस्त मांग
TVS Motor ने भी इस महीने शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी की कुल बिक्री 12% बढ़कर 4,13,000 यूनिट्स तक पहुंच गई। खासकर Jupiter स्कूटर और iQube इलेक्ट्रिक स्कूटर ने मार्केट में जबरदस्त प्रदर्शन किया। iQube की बिक्री में 35% की वृद्धि देखी गई, जो साफ संकेत है कि भारतीय ग्राहक अब धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अपना रहे हैं। कंपनी ने बताया कि EV सेगमेंट में नई सब्सिडी योजनाओं और चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार ने इस ग्रोथ में अहम भूमिका निभाई। साथ ही, एक्सपोर्ट मार्केट में भी TVS ने बेहतर प्रदर्शन किया है। अफ्रीकी देशों और लैटिन अमेरिका में उसकी मोटरसाइकिल्स की मांग लगातार बढ़ रही है।
Bajaj Auto की रही भरोसेमंद रफ्तार
Bajaj Auto की रफ्तार इस बार थोड़ी स्थिर जरूर रही, लेकिन प्रदर्शन सटीक और भरोसेमंद था। सितंबर 2025 में कंपनी ने 2,73,000 यूनिट्स की बिक्री की, जो पिछले साल से करीब 5% ज्यादा रही। बजाज का पल्सर और प्लैटिना सीरीज अब भी ग्रामीण और सेमी-अर्बन इलाकों में सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है। कंपनी की वैश्विक रणनीति ने भी बड़ा असर डाला है। अफ्रीका, मिडल ईस्ट और लैटिन अमेरिका में बजाज की उपस्थिति लगातार मजबूत हो रही है। विशेषज्ञ मानते हैं कि बजाज अपनी 'Value-for-Money' छवि और भरोसेमंद वाहनों की इंजीनियरिंग की वजह से ग्लोबल लेवल पर भी भारतीय ब्रांड का प्रतिनिधित्व कर रहा है।
मामूली बढ़त के साथ Honda का स्कूटर सेगमेंट में दबदबा
Honda Motorcycle & Scooter India (HMSI) की बिक्री सितंबर में 5,05,000 यूनिट्स रही, जो पिछले साल की तुलना में करीब 3% की हल्की बढ़त दिखाती है। भले ही यह वृद्धि सीमित रही, मगर Honda अब भी भारत के स्कूटर मार्केट में बादशाह बनी हुई है। Honda Activa, जो दो दशकों से भारतीय सड़कों की पहचान बन चुकी है, अब भी ग्राहकों की पहली पसंद है। हालांकि, कंपनी ने इस बार त्योहारी ऑफर्स में थोड़ी कटौती की। आमतौर पर 5,000 से 10,000 रुपये तक की छूट मिलती थी, लेकिन इस बार कई मॉडलों पर डिस्काउंट सीमित रहे। इसके बावजूद, शहरी इलाकों में Activa और Dio जैसे मॉडल्स की डिमांड बनी रही।
ग्रामीण बाजारों में भारी मानसून बना बिक्री में बाधा
इस बार त्योहारी सीजन पर जहां शहरों में वाहनों की सेल्स के रिकॉर्ड टूटे, वहीं ग्रामीण बाजारों में भारी मानसून के कारण बिक्री की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी। कई डीलर्स का कहना है कि बारिश के चलते खरीदारों ने थोड़ी देर से बुकिंग की, लेकिन फसल कटाई के बाद अक्टूबर-नवंबर में यह मांग फिर से तेजी पकड़ सकती है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, ग्रामीण इलाकों में दोपहिया वाहनों की मांग अभी भी कुल बिक्री का लगभग 55% हिस्सा रखती है, इसलिए आने वाले महीनों में इसका असर और गहरा होने की उम्मीद की जा रही है।
अभी दिवाली सीजन में बढ़ेगी बिक्री की रफ्तार
ऑटो इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि सितंबर की यह उछाल महज शुरुआत है। अक्टूबर-नवंबर के दौरान दशहरा और दीवाली सीजन में टू-व्हीलर सेल्स और बढ़ने की पूरी संभावना है। कई कंपनियां नए मॉडल्स और लिमिटेड एडिशन वेरिएंट लॉन्च करने की तैयारी में हैं। वहीं, इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की बढ़ती लोकप्रियता इस फेस्टिव सीजन को और खास बना सकती है। सितंबर 2025 भारत के टू-व्हीलर उद्योग के लिए एक टर्निंग पॉइंट साबित हुआ है। GST कटौती ने कीमतें कम कीं, फेस्टिव मूड ने बाजार को प्रोत्साहित किया वहीं कंपनियों ने नए उत्पादों व टेक्नोलॉजी से ग्राहकों को आकर्षित किया।
Hero, Honda, TVS, Bajaj और Royal Enfield जैसी कंपनियों की सेल्स में आई यह ग्रोथ बताती है कि भारतीय ग्राहक अब फिर से खरीदारी के मूड में हैं। बीता सितंबर महीना न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़ बिक्री का गवाह बना, बल्कि इसने यह भरोसा भी दिलाया कि अगला महीना अक्टूबर भी बिक्री के नए आंकड़ों को छूने जा रहा है। इसी के साथ टू-व्हीलर इंडस्ट्री आने वाले समय में और तेज़ रफ्तार से आगे बढ़ने जा रही है।