UP Assembly Election 2027: ओवैसी-चंद्रशेखर से सपा-बसपा के वोट बैंक को खतरा?

UP Assembly Election 2027: ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का सामाजिक परिवर्तन मोर्चा सपा के मुस्लिम और बसपा के जाटव वोट बैंक पर कितना असर डाल सकता है? जानिए वोट कटवा दलों और कम वोटों से बदलते चुनावी नतीजों का पूरा राजनीतिक विश्लेषण।

Update:2026-11-13 20:54 IST

UP Assembly Election 2027 Politics Asaduddin Owaisi and Chandrashekhar Azad Ravan 

UP Assembly Election 2027: भावनाओं और आवश्यकताओं की कमजोरी का फायदा उठाकर किसी वर्ग विशेष का वोट हासिल करने वाले राजनीतिक दल शिकारी की तरह होते हैं। लक्ष्य पर एकाग्रता, लपकना, प्रलोभन देना और मौके का फायदा उठाना राजनीतिक शिकारियों की फितरत होती है। इनके नाखून इनकी ताकत होते हैं। वोट बैंक नाखून की तरह होता है, इसके आधार पर ही फ्लोटिंग वोट का शिकार किया जाता है। शिकारी के नाखून न कमजोर पड़ जाएं तो वो शिकार नहीं कर पाता,राजनीतिक दल के वोट बैंक में सेंध लग गई तो धीरे-धीरे जमीन खिसकने लगती है।

भाजपा के नाखून हिन्दुत्व की भावना है। बसपा के नाखून की धार दलित समाज है और सपा के नाखूनों की सियासी ताकत ने मुस्लिम समाज को अपने वश मे रखा है। कांग्रेस अपने समय में दलित,ब्राह्मण और मुसलमानों को अपने विश्वास के नाखूनों के ग्रिप में लिए रही।

राजनीतिक दल तब कमजोर पड़ने लगते हैं जब उनके शिकार के मददगार नाखूनों की धार कोई कमजोर कर दे। जैसे नब्बे के दशक में सपा फाउंडर मुलायम सिंह यादव ने यूपी में कांग्रेस के सभी नाखून काटकर उसे हाशिए पर ला दिया था।

लोग कह रहे हैं कि एआईएमआईएम चीफ असद्दुदीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद रावण का समाजिक परिवर्तन मोर्चा यूपी विधानसभा चुनाव में किसी दल का कोई खास नुकसान नहीं कर सकेगा। आधा-एक फीसद या दो-चार हजार वोट काट भी लें तो क्या फर्क पड़ता है !

ये बात ठीक नहीं लग रही। बीते चुनावी नतीजों को देखिएगा तो दो सौ से पांच-सात हजार वोटों का अंतर ही दर्जनों सीटों की हार-जीत तय करता रहा है।

जिस तरह बहुत बड़े से शरीर में छोटे-छोटे नाखूनों का स्थान आधा फीसद भी नहीं होता लेकिन इसका महत्तव बहुत होता है। खासकर शिकारी

का नाखून उखड़ जाए या नाखून की धार न रहे तो शिकारी शिकार नहीं कर पाएगा। कमजोर पड़ जाएगा।

सपा मुखिया अखिलेश यादव इन दिनों भाजपा के हिन्दुत्व और आधार वोट ब्राह्मण समाज का वोट काटने के लिए सॉफ्ट हिन्दुत्व की धार से भाजपा के हिन्दुत्व के नाखून कतरने की कोशिश मे हैं। इसी लिए उन्होंने राम मंदिर दर्शन करने का एलान भी कर दिया।

अखिलेश यादव अपनी प्रतिद्वंदी भाजपा के नाखून काटने मे लगे ही थे कि इधर ओवैसी ने चंद्रशेखर के साथ मिलकर सपा के मुस्लिम और बसपा के दलित/जाटव वोट कतरने की रणनीति तय कर ली।

2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी में सपा को करीब नब्बे फीसद मुस्लिम वोट मिले थे। जबकि कुल आबादी की बीस फीसद हिस्सेदारी वाला दलित समाज अलग-अलग राजनीतिक दलों में बटने के बाद भी आज बसपा की लगभग दस प्रतिशत वोट की ताकत कायम रखे हुए है। अधिकांश दलित समाज का जाटव वर्ग बसपा के साथ खड़ा है।जाटव समाज के चंद्रशेखर आजाद रावण ने यदि मायावती के जाटव वोट बैंक में एक-दो फीसद भी सेंध लगा दी तो ये बसपा के लिए बड़ा झटका होगा। बसपा, आजाद समाज पार्टी, सपा, कांग्रेस की खींचातानी में दलित वोट सबके हिस्सों में बटा तो भाजपा के लिए घातक होगा। क्योंकि यूपी और केंद्र में भाजपा की जीत में दलित-पिछड़ों का बड़ा योगदान रहा है।

Tags:    

Similar News