वीरता और बलिदान की गाथा: लखनऊ में फिल्म 120 बहादुर का भव्य गाना लॉन्च, देशभक्ति का उमड़ा जोश
लखनऊ में फिल्म 120 बहादुर का प्रमोशन एक भव्य और जोश से भरे लॉन्च इवेंट के साथ शुरू हुआ, जिसमें हजारों फैंस ने हिस्सा लिया।
Lucknow News: Photo-Social Media
Lucknow Today News: राजधानी लखनऊ में फिल्म 120 बहादुर का प्रमोशन एक भव्य और जोश से भरे लॉन्च इवेंट के साथ शुरू हुआ, जिसमें हजारों फैंस ने हिस्सा लिया। इस इवेंट में खास मेहमानों में एक्टर फरहान अख्तर, सुखविंदर सिंह, मेजर शैतान सिंह भाटी (पीवीसी) के बेटे नरपत सिंह भाटी, रेजांग ला की लड़ाई में हिस्सा लेने वाले शहीदों के परिवार, और भारतीय सेना के जीवित वीर सैनिक भी शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के उन्नाव कैंपस में आयोजित किया गया।
वहीं इस मौके पर फिल्म का पहला गाना 'दादा किशन की जय' रिलीज किया गया, जिसने सभी उपस्थित लोगों के दिलों में देशभक्ति की एक गहरी लहर पैदा कर दी। यह गाना न सिर्फ फिल्म के जज़्बे को दर्शाता है, बल्कि भारतीय सैनिकों की बहादुरी और बलिदान की भावना को भी बखूबी व्यक्त करता है। बता दें कि गाने का संगीत सलीम-सुलेमान ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं। गाने को सुखविंदर सिंह ने अपनी गहरी आवाज़ में गाया, जो सुनने वालों को एक अद्भुत अनुभव दे गया।
फिल्म की कहानी–1962 की रेजांग ला की बहादुरी
फिल्म 120 बहादुर 1962 के युद्ध के दौरान रेजांग ला की मशहूर लड़ाई पर आधारित है, जिसमें 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 भारतीय सैनिकों ने असाधारण साहस और वीरता का प्रदर्शन किया था। फिल्म में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी (पीवीसी) के किरदार में दिखाई देंगे, जिन्होंने अपने जवानों के साथ मिलकर इस ऐतिहासिक युद्ध में देश की रक्षा की थी। फिल्म का उद्देश्य भारतीय सैनिकों की असल बहादुरी और उनके बलिदान को सामने लाना है, और इसमें एक खास लाइन भी है जो फिल्म की आत्मा को व्यक्त करती है–हम पीछे नहीं हटेंगे।
फिल्म के निर्माता और निर्देशक
फिल्म 120 बहादुर का निर्देशन रजनीश 'रैजी' घई ने किया है, जबकि इसे रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़) ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी, और दर्शकों को भारतीय सैनिकों की वीरता की एक प्रेरणादायक कहानी देखने को मिलेगी। वहीं इस फिल्म और गाने की लॉन्चिंग ने यह साफ कर दिया है कि 120 बहादुर न केवल एक वॉर ड्रामा है, बल्कि यह भारतीय सेना की बहादुरी और शौर्य को श्रद्धांजलि देने वाली एक फिल्म भी है।