Aligarh News: ई-लॉटरी से होगा 6 किसानों का चयन, मिनी नंदिनी योजना का मिलेगा लाभ

Aligarh News: अलीगढ़ में 19 अगस्त को ई-लॉटरी के जरिए मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के 6 लाभार्थियों का चयन होगा। 116 आवेदकों में 3 महिला और 3 पुरुष चुने जाएंगे।

Update:2026-08-18 20:02 IST

Aligarh News

Aligarh News: नंद बाबा के नाम पर संचालित योजना के तहत अब छह भाग्यशाली किसानों की किस्मत ई-लॉटरी के जरिए तय होगी। मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार 19 अगस्त को विकास भवन सभागार में ई-लॉटरी के माध्यम से मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों का चयन करेंगे।नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत संचालित इस योजना का उद्देश्य छोटे और मझोले किसानों को डेयरी व्यवसाय के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। चयन प्रक्रिया दोपहर 2 बजे से शुरू होगी और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से ई-लॉटरी के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले से कुल 116 आवेदन प्राप्त हुए हैं। शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार इनमें से तीन महिला और तीन पुरुष लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। यानी 116 आवेदकों में से केवल छह लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से होगा।डॉ. त्रिपाठी के अनुसार, मिनी नंदिनी योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को डेयरी इकाई स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता के साथ तकनीकी सहयोग भी दिया जाता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और दूध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। योजना में महिलाओं को प्राथमिकता दिए जाने से ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।

सीडीओ योगेंद्र कुमार ने सभी आवेदकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर विकास भवन सभागार पहुंचें। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निष्पक्ष तरीके से होगी। इसलिए किसी भी प्रकार के भ्रम में न पड़ें और दलालों के झांसे में न आएं।अधिकारियों का कहना है कि अलीगढ़ को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में इस तरह की योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। 19 अगस्त को होने वाली ई-लॉटरी के बाद चयनित छह लाभार्थियों की सूची भी सार्वजनिक की जाएगी।अब सभी की निगाहें 19 अगस्त की दोपहर 2 बजे होने वाली ई-लॉटरी पर टिकी हैं। कंप्यूटर की एक क्लिक से तय होगा कि किन छह किसानों को मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना का लाभ मिलेगा।

Tags:    

Similar News