Aligarh News : अलीगढ़ में मंदिर तोड़ने पर करणी सेना का हंगामा, प्रशासन ने रोकी कार्रवाई
Aligarh News : अलीगढ़ में कोल तहसील में मंदिर तोड़ने के प्रयास पर करणी सेना का हंगामा, प्रशासनिक वार्ता के बाद मामला शांत हुआ।
Aligarh News
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद की कोल तहसील कोल में तहसील बार एसोसिएशन द्वारा कराए जा रहे।मंदिर जीर्णोद्धार कार्य को तहसीलदार कोल ने रुकवा कर मंदिर को तोड़ने का प्रयास किया। इसकी सूचना मिलते ही क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर ज्ञानेन्द्र सिंह अपने पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
ज्ञानेन्द्र सिंह के साथ संजय सिंह, उमेश कुमार सिंह, विकास दीक्षित, सचिन राघव और तरुण कुमार भी तहसील पहुंचे। आरोप है कि वहां तहसीलदार कोल और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से उनकी तीखी बहस हो गई और हंगामे की स्थिति बन गई। करणी सेना के नेताओं ने मंदिर जीर्णोद्धार रुकवाने और तोड़फोड़ के प्रयास का विरोध किया।
हंगामे की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में करणी सैनिक तहसील परिसर में जुट गए। करणी सैनिकों की बढ़ती भीड़ को देखकर प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया। जिसके बाद तहसील परिसर छावनी में तब्दील हो गया।काफी देर तक चली जद्दोजहद और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बाद मामला शांत हुआ। करणी सेना के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार से मंदिर न तोड़ने और जीर्णोद्धार कार्य सुचारू रूप से चलने देने की मांग रखी।
वार्ता के बाद प्रशासन मंदिर को तोड़ने के प्रयास से पीछे हट गया और मंदिर को टूटने से बचा लिया गया।वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में रही। करणी सेना ने चेतावनी दी कि धार्मिक स्थलों से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।