Aligarh News: चंडौस में घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश, मां से मारपीट और फायरिंग का आरोप

Aligarh News: अलीगढ़ के चंडौस थाना क्षेत्र में घर में घुसकर 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास, मां से मारपीट और तमंचे से फायरिंग की कोशिश का मामला सामने आया है।

Update:2026-11-19 20:14 IST

Aligarh News

Aligarh News: जनपद के चंडौस थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के भीतर घुसकर 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की कोशिश और उसकी मां के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के मुताबिक, दो युवक घर में घुस आए और तमंचे के बल पर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने किशोरी की मां के साथ भी मारपीट की तथा तमंचे से फायरिंग करने का प्रयास किया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के मुताबिक, घटना 17 नवंबर 2026 की शाम करीब सात बजे की है। उस समय उसकी मां मकान की छत पर सफाई कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दो युवक घर में घुस आए। एक युवक ने किशोरी की कनपटी पर तमंचा लगा दिया, जबकि दूसरा उसे पकड़कर कमरे में ले गया। पीड़िता का आरोप है कि कमरे में ले जाकर आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और मुंह पर हाथ रखकर आवाज दबाने की कोशिश की। दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।किशोरी की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां छत से नीचे पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक, इसी दौरान आरोपियों ने तमंचे से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़िता ने अपने मोबाइल फोन से 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर किशोरी को चंडौस के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते आसपास के लोग मौके पर नहीं पहुंचते, तो आरोपियों द्वारा बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता था।

एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

पीड़िता ने 19 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले में निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। परिवार ने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।नाबालिग किशोरी से जुड़ा यह मामला गंभीर सवाल खड़े करता है। घर के भीतर घुसकर इस तरह की घटना की कोशिश के आरोप से परिवार दहशत में है। अब पीड़ित परिवार को पुलिस कार्रवाई और न्याय का इंतजार है।

Tags:    

Similar News