Aligarh News: जमानत पर लौटे कथावाचक का पेड़ पर लटका मिला शव, सुसाइड नोट ने बढ़ाया रहस्य
Aligarh News: अलीगढ़ के गोरई में जेल से जमानत पर लौटे 50 वर्षीय कथावाचक का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने केस के दूसरे पक्ष पर शक जताया, पुलिस जांच में जुटी।
Aligarh News:-गोरई थाना क्षेत्र के गांव जुला वास में उस समय सनसनी फैल गई, जब जेल से जमानत पर छूटकर गांव लौटे 50 वर्षीय कथावाचक का शव पेड़ पर लटका मिला। मृतक की पहचान जगदीशनंद पुत्र बाबूलाल के रूप में हुई है। वह क्षेत्र में भागवत कथा सुनाने वाले महाराज जी के नाम से पहचाने जाते थे। घटना की खबर मिलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, जगदीशनंद के खिलाफ एक मुकदमा चल रहा था। इसी मामले में वह मथुरा जेल में बंद थे। परिजनों के मुताबिक, 16 नवंबर को वह जमानत पर रिहा होकर गांव लौटे थे। इसके बाद से गांव में ही रह रहे थे। उनका शव पेड़ पर लटका मिलने की सूचना से ग्रामीणों के होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही सीओ इगलास संजीव कुमार शर्मा और थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के बड़े भाई गोपीचंद ने बताया कि जगदीशनंद चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वह धार्मिक प्रवृत्ति के थे और भागवत कथा का वाचन करते थे। उनका स्वभाव शांत था और गांव में लोग उन्हें महाराज जी कहकर सम्मान देते थे। भाई ने बताया कि जेल से लौटने के बाद वह गांव में ही रह रहे थे।
केस वाले पक्ष पर परिजनों ने जताया संदेह
घटना को लेकर जब मृतक के बड़े भाई से किसी पर शक होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने चल रहे मुकदमे से जुड़े दूसरे पक्ष की ओर इशारा करते हुए संदेह जताया। उनका कहना था कि मुकदमे को लेकर उनका भाई परेशान रहता था। हालांकि, परिजनों के इस संदेह की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।
सुसाइड नोट मिलने की चर्चा, जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल से सुसाइड नोट मिलने की भी चर्चा है। हालांकि, नोट में क्या लिखा है और उसमें किसी व्यक्ति का नाम है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस कथित सुसाइड नोट की सामग्री और लिखावट की जांच कर रही है। सीओ इगलास संजीव कुमार शर्मा के मुताबिक, मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। धार्मिक कथाएं सुनाकर लोगों को सदाचार और संस्कारों का संदेश देने वाले कथावाचक की मौत से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।