Aligarh News: गोंडा पुलिस ने चार चोरियों का किया खुलासा, गिरफ्तार, चोरी का माल और रिक्शा बरामद
Aligarh News: अलीगढ़ के गोंडा थाना पुलिस ने चार चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का माल और रिक्शा बरामद किया।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: गोंडा थाना प्रभारी डीके सिसोदिया ने चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चार चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का गैस सिलेंडर, दो बिजली की मोटरें, एक लोहे का पंखा, चोरी का माल बेचकर प्राप्त 3800 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक रिक्शा बरामद किया है।
पकड़ा गया अभियुक्त शातिर किस्म का है और उसके खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोत्तरी की है। गोंडा थाना प्रभारी निरीक्षक डीके सिसौदिया ने बताया कि थाना क्षेत्र में बीते दिनों चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को अज्ञात चोर द्वारा वादी की दुकान के पीछे की दीवार काटकर गैस सिलेंडर व अन्य सामान चोरी करने के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 342/26 धारा 305/331(4) बीएनएस पंजीकृत किया गया था।
इसी प्रकार दिनांक 07 अक्टूबर को कमरे की दीवार काटकर मोटर चोरी होने पर मुकदमा संख्या 346/26, दिनांक 16 अक्टूबर को कोठरी से बिजली की मोटर चोरी होने पर मुकदमा संख्या 354/26 धारा 305 बीएनएस और दिनांक 17 अक्टूबर को खेत में बोरिंग पर लगा पंखा चोरी होने पर मुकदमा संख्या 359/26 धारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया था।
इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी। मुखबिर की सूचना पर थाना गोंडा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त शिवशंकर उर्फ पप्पू पुत्र कालीचरण उर्फ करूआ निवासी ग्राम जरार थाना खैर जनपद अलीगढ़ को थाना क्षेत्र गोंडा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चारों चोरियों की वारदात को कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया माल बरामद किया। आरोपी चोरी के बाद माल को बेच देता था और पैसे से अपने शौक पूरे करता था। वह चोरी करने के लिए रिक्शा का प्रयोग करता था ताकि किसी को शक न हो।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना गोंडा में तीन मुकदमे और थाना इगलास में एक मुकदमा सहित कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक डीके सिसौदिया के साथ उपनिरीक्षक आनंद कुमार, राजवीर सिंह, शांतिशरण, हेड कांस्टेबल गुलफाम, कांस्टेबल रविकांत और जितेंद्र शामिल रहे।