Aligarh News: हज-2027 के लिए अभी से तैयारी करें, पासपोर्ट वैधता जरूरी
Aligarh News: हज-2027 के लिए केवल मशीन रीडेबल पासपोर्ट मान्य होगा। पासपोर्ट 31 दिसंबर 2027 तक वैध होना चाहिए, सरनेम कॉलम भी अनिवार्य रहेगा।
हज-2027 के लिए अभी से तैयारी करें, पासपोर्ट वैधता जरूरी (Photo- Newstrack)
Aligarh News: हज-2027 की तैयारियों को लेकर सऊदी अरब के हज व उमरा मंत्रालय ने शुरुआती दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी निधि गोस्वामी ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया। कि इच्छुक आवेदक अभी से अपने दस्तावेज पूरे कर लें, क्योंकि आधिकारिक घोषणा जल्द होने वाली है।
नए नियमों के मुताबिक हज-2027 के लिए केवल मशीन रीडेबल पासपोर्ट ही मान्य होगा। हस्तलिखित पासपोर्ट इस बार बिल्कुल स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक अनिवार्य है। यानी आवेदन के समय आपका पासपोर्ट कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक वैध होना चाहिए।
पासपोर्ट बनवाने में ध्यान दें
एक और अहम बदलाव ये है कि नए पासपोर्ट में 'सरनेम/लास्ट नेम' का कॉलम खाली नहीं छोड़ा जाएगा। जिन लोगों के पासपोर्ट में सरनेम नहीं है, उन्हें नया पासपोर्ट बनवाते समय इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा।
निधि गोस्वामी ने सभी इच्छुक हज यात्रियों से अपील की है कि वे अपना मूल अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट तैयार रखें। जिनके पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट है, वे आवेदन के लिए तैयार रहें। जिनका पासपोर्ट इस तारीख से पहले एक्सपायर हो रहा है, वे तुरंत पासपोर्ट कार्यालय में नए पासपोर्ट के लिए आवेदन कर दें। इससे हज-2027 की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी।
फिलहाल हज-2027 की तारीख और कोटा की आधिकारिक घोषणा होना बाकी है, लेकिन दस्तावेजों की तैयारी पहले कर लेने से अंतिम समय की भागदौड़ से बचा जा सकेगा।