Aligarh News: बुलेट और 1 लाख की डिमांड पूरी न हुई तो ले ली नवविवाहिता की जान, पति गिरफ्तार

Aligarh News: अलीगढ़ के खैर क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Update:2026-09-06 20:48 IST

बुलेट और 1 लाख की डिमांड पूरी न हुई तो ले ली नवविवाहिता की जान, पति गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Aligarh News: खैर ऑपरेशन प्रहार के तहत खैर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दहेज लोभी पति ने एक लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर अपनी 23 वर्षीय पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को पीटा और कमरे में बंद करके फरार हो गए। पुलिस ने वांछित चल रहे मुख्य आरोपी पति अजय को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला

यह सनसनीखेज मामला थाना खैर क्षेत्र के ग्राम अरनी का है। दिनांक 04.09.2026 को ग्राम अर्नी में मोहिनी पत्नी अजय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है।

मृतका के नाना वादी रामखिलाड़ी पुत्र हरनाम सिंह निवासी गांव सोखना थाना हाथरस जिला हाथरस ने थाने पर तहरीर दी। आरोप लगाया कि उसकी नातिनी मोहिनी पुत्री मुकेश कुमार की शादी अरनी निवासी अजय कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे।

तहरीर के अनुसार आरोपी 1. अजय कुमार पुत्र डोरीलाल 2. डोरीलाल पुत्र अज्ञात 3. मीरा देवी पत्नी डोरीलाल 4. कालू पुत्र डोरीलाल 5. वासुदेव पुत्र अज्ञात 6. सचिन पुत्र वासुदेव 7. रंजना पत्नी वासुदेव निवासीगण ग्राम अर्नी द्वारा एक लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर मोहिनी के साथ लगातार मारपीट की जाती थी। इसी के चलते उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जब मृतका के परिजनों को सूचना मिली और वे मौके पर पहुंचे तो ससुराल वालों ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें कमरे में बंद करके भाग गए।

इस संबंध में थाना पर मुकदमा अपराध संख्या 672/2026 धारा 85/80(2)/115(2)/127(2) बीएनएस व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

ऑपरेशन प्रहार में 24 घंटे में गिरफ्तारी 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के द्वारा जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार / निहत्था के तहत वांछित/वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान में एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र के निर्देशन और खैर सीओ अभिषेक पटेल के पर्यवेक्षण में खैर थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

आज दिनांक 06.09.2026 को उपनिरीक्षक राजीव कुमार मय हमराह द्वारा मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त अजय पुत्र डोरीलाल निवासी अर्नी थाना खैर उम्र 24 वर्ष को भानोरा नहर पुल पर गौंडा रोड से दोपहर 12.15 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस टीम 

गिरफ्तार करने वाली टीम में उ0नि0 राजीव कुमार और का0 3076 सागर सरोहा थाना खैर शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है। कि मामले में फरार चल रहे अन्य 6 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है।

Tags:    

Similar News