Aligarh News: जनगणना-2027 के लिए सिर्फ 6 दिन बाकी, 30 नवंबर के बाद घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
Aligarh News: जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना के लिए अब सिर्फ छह दिन शेष हैं। 30 नवंबर के बाद प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों और आवास से जुड़ी जानकारी जुटाएंगे।
Aligarh News: जनपद जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के प्रथम चरण के तहत नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी गई है, जिसके माध्यम से लोग घर बैठे अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना करने के लिए अब केवल छह दिन शेष हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने लोगों से 30 नवंबर से पहले ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। इसके बाद जनगणना प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों से आवास और अन्य निर्धारित जानकारियां जुटाएंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार, स्व-गणना के लिए नागरिकों को किसी सरकारी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। वे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से निर्धारित पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर आसानी से परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में परिवार और आवास से संबंधित निर्धारित सवालों के जवाब देने होंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद एक एसईआईडी (SE ID) जारी होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। प्रगणक के घर पहुंचने पर नागरिकों को केवल यह एसईआईडी उपलब्ध करानी होगी।
30 नवंबर के बाद घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
निर्धारित समय सीमा तक जिन परिवारों की स्व-गणना पूरी नहीं होगी, उनके घर 30 नवंबर के बाद जनगणना प्रगणक पहुंचेंगे। इस दौरान प्रगणक परिवार के सदस्यों से जनगणना से जुड़े सवाल पूछकर निर्धारित जानकारी दर्ज करेंगे। ऐसे में परिवार के लोगों को प्रगणक के आने पर उपलब्ध रहना होगा और पूछे गए सवालों के जवाब देने होंगे। स्व-गणना करने से लोग अपनी सुविधानुसार पहले ही जानकारी दर्ज कर सकते हैं और प्रगणक के पहुंचने पर एसईआईडी देकर प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने की सक्रिय भागीदारी की अपील
जनगणना प्रमुख एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार 30 नवंबर से पहले स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी सही और पूर्ण रूप से दर्ज कराए। जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग जरूरी है। जिलाधिकारी ने बताया कि उनके द्वारा भी स्व-गणना की जा चुकी है।
अंतिम दिन का इंतजार न करें, आज ही करें स्व-गणना
जिला जनगणना अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि स्व-गणना की व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों को जनगणना प्रक्रिया में सीधे भागीदारी का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से पोर्टल पर जाकर कुछ आसान चरणों में परिवार का विवरण दर्ज किया जा सकता है। जानकारी भरते समय विशेष सावधानी बरतें और सभी सवालों के सही जवाब दें, ताकि जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता बनी रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि अंतिम दिन का इंतजार करने के बजाय आज ही स्व-गणना पूरी कर राष्ट्रीय अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।