आयुष्मान भारत योजना में अमेठी का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में छठवां स्थान, 67 हजार मरीज लाभान्वित

Amethi News: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में अमेठी जिले ने प्रदेश में छठवां स्थान हासिल किया है। जिले में 67,759 से अधिक मरीजों का निःशुल्क उपचार कराया जा चुका है और 97 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है।

Update:2026-08-07 22:36 IST

Amethi News

Amethi News: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में अमेठी जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है। फैमिली कवरेज के मामले में जिले को प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त हुआ है। अब तक जिले के 67,759 मरीजों का सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क उपचार कराया जा चुका है। इसके लिए अस्पतालों को 97.29 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमेठी डॉ. अंशुमान सिंह ने शुक्रवार को बताया कि योजना के अंतर्गत फैमिली कवरेज के मामले में अमेठी को प्रदेश में छठवां स्थान मिला है, जो जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 67,759 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड के माध्यम से विभिन्न सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क उपचार कराया जा चुका है।उन्होंने बताया कि इन उपचारों के एवज में अस्पतालों को 97 करोड़ 29 लाख रुपये का भुगतान किया गया है, जिससे हजारों परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक राहत मिली है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 2,16,814 परिवारों के 9,37,032 लाभार्थी आयुष्मान भारत योजना के दायरे में शामिल हैं।

इनमें से अब तक 6,24,529 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।उन्होंने कहा कि शेष पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि आयुष्मान कार्ड धारक लाभार्थियों को अब अपने विवरण में संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। लाभार्थी बेनिफिशियरी डेटा मैनेजमेंट पोर्टल के माध्यम से अपने कार्ड में दर्ज नाम, पता, जन्मतिथि अथवा अन्य त्रुटियों का संशोधन करा सकते हैं।इसके लिए संबंधित लाभार्थी को अपने निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर निर्धारित प्रार्थना पत्र और आवश्यक अभिलेख जमा करने होंगे।

आवेदन का सत्यापन होने के बाद विवरण में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों का अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वे शीघ्र अपना कार्ड बनवा लें।साथ ही जिन लाभार्थियों के कार्ड में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निकटतम सीएचसी पर आवेदन देकर उसका संशोधन अवश्य करा लें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें योजना के तहत कैशलेस उपचार का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके।उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लाखों परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।

Tags:    

Similar News