Amethi News: ग्राम चौपाल के जरिए प्रशासन पहुंचा गांव, सीडीओ पूजा साहू ने सुनीं समस्याएं
Amethi News : मेठी में ग्राम चौपाल के जरिए सीडीओ पूजा साहू ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, योजनाओं की समीक्षा की।
Amethi News
Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद के आकांक्षात्मक विकासखंड शुकुल बाजार की ग्राम पंचायत हुसैनपुर में आयोजित ग्राम चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू (आईएएस) ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सीडीओ ने शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। चौपाल के दौरान आवास, पेंशन, मनरेगा, स्वयं सहायता समूहों और ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का सत्यापन किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आकांक्षात्मक विकासखंड शुकुल बाजार की ग्राम पंचायत हुसैनपुर में अपराह्न में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का ग्राम पंचायत स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना था।इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं से शत-प्रतिशत जोड़ने और शिकायतों के समाधान के लिए विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला विकास अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत के मूलभूत आंकड़ों एवं ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। इसके उपरांत ग्राम पंचायत में संचालित विकास कार्यों को एक-एक कर ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया तथा ग्रामीणों से उनके सत्यापन एवं गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद स्थापित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी प्राप्त ली गई। समूह की महिलाओं अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे बकरी पालन सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के माध्यम से अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं। ग्राम पंचायत की बीसी-सखी ने भी अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि विगत चार वर्षों से ई-सखी के रूप में कार्य करते हुए उन्हें अच्छा लाभ प्राप्त हो रहा है।
ग्राम चौपाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों का सत्यापन भी किया गया। लाभार्थी श्रीमती फुलमना, श्री राधिका प्रसाद एवं श्रीमती शांति से वार्ता कर आवास प्राप्ति एवं मनरेगा मजदूरी भुगतान की जानकारी ली गई। ग्रामीणों द्वारा भी पुष्टि की गई कि संबंधित लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ है। परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री ऐश्वर्य यादव द्वारा ग्रामीणों को नई आवास प्लस सूची, सर्वे प्रक्रिया एवं आवास योजना की पात्रता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों की सूची भी ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। इस दौरान लाभार्थी कमल एवं गुलाब देवी से वार्ता कर पेंशन प्राप्ति की स्थिति की जानकारी ली गई। लाभार्थियों द्वारा अवगत कराया गया कि उन्हें समय पर पेंशन प्राप्त हो रही है। जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा शासन स्तर पर किए गए संशोधनों की जानकारी देते हुए सभी लाभार्थियों से जन्मतिथि सत्यापन संबंधी कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की अपील की गई।
ग्राम पंचायत में स्थापित स्ट्रीट लाइट, राज्य वित्त योजना अंतर्गत कराए गए कार्यों एवं अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा ग्रामीणों से उनकी गुणवत्ता एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास एवं लाइब्रेरी का अवलोकन किया गया। साथ ही राशन की दुकान, अमृत सरोवर, सामुदायिक शौचालय, अन्नपूर्णा भवन एवं वर्ष 2021-22 में निर्मित आवासों का भी भौतिक सत्यापन किया गया।
ग्राम चौपाल के दौरान विद्युत विभाग, पूर्ति विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें अधिक संख्या में प्राप्त होने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दिनांक 18 मई 2026 को ग्राम पंचायत भवन पर विशेष कैंप आयोजित कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी, पूजा साहू (आईएएस) द्वारा पंचायत सचिव एवं खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि कोई भी पात्र लाभार्थी शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। शासन द्वारा निर्धारित पात्रता के अनुसार सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ग्राम चौपाल के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना प्रक्रिया के संबंध में ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने स्वगणना प्रक्रिया को ऑनलाइन माध्यम से पूर्ण करने की संपूर्ण प्रक्रिया समझाई तथा सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वगणना में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।