Amethi में ठंड से पहले एक्शन में डीएम शशांक चौधरी, रैन बसेरे का किया निरीक्षण
Amethi News: डीएम शशांक चौधरी ने गौरीगंज रैन बसेरे में बिस्तरों की चादर बदलने और टूटे शीशे ठीक कराने के दिए निर्देश, बोले खुले में रात न बिताए कोई जरूरतमंद।
Amethi में ठंड से पहले एक्शन में डीएम शशांक चौधरी, रैन बसेरे का किया निरीक्षण (Photo- Newstrack)
Amethi News: आगामी दिनों में पड़ने वाली कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने की तैयारी तेज कर दी है। निराश्रित, असहाय और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी शुक्रवार देर रात एक्शन में नजर आए। उन्होंने रात करीब 9:30 बजे नगर पालिका परिषद गौरीगंज द्वारा संचालित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।
रैन बसेरे में सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में ठहरने वाले लोगों के लिए बिस्तर, चादर, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने बिस्तरों पर बिछी चादरों को बदलवाने और खिड़कियों के टूटे शीशों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि आश्रय स्थल में ठहरने वाले लोगों को ठंडी हवाओं से परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि रैन बसेरों में सुविधाओं के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छोटी से छोटी कमी को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल दूर किया जाए।
रजिस्टर, किचन और सीसीटीवी की भी जांच
जिलाधिकारी ने रैन बसेरे के आगंतुक रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने शौचालय, किचन, सीसीटीवी कैमरों और पूरे परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गौरीगंज सुनील कुमार को रैन बसेरे की नियमित निगरानी करने और यहां ठहरने वाले लोगों को सभी जरूरी सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने को कहा।
कोई भी जरूरतमंद खुले आसमान के नीचे न सोए
जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शीतलहर के दौरान कोई भी निराश्रित, असहाय या जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर न हो। इसके लिए सभी नगर निकायों में संचालित रैन बसेरों की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जाए। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को रैन बसेरे तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
सभी नगरीय निकायों में की गई रैन बसेरों की व्यवस्था
उल्लेखनीय है कि आगामी दिनों में संभावित कड़ाके की ठंड और शीतलहर से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी नगरीय निकायों में रैन बसेरों की व्यवस्था की है। यहां ठहरने वाले लोगों के लिए बिस्तर, गर्म पेयजल, शौचालय, अलाव और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से रैन बसेरों का निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व धीरज श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गौरीगंज सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।