Auraiya News: सुनसान मकान में फंदे से लटका मिला 18 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Auraiya News: औरैया में सुनसान मकान में 18 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Update:2026-09-08 11:56 IST

Auraiya News(Photo-Social Media)

Auraiya News: औरैया के दिबियापुर कोतवाली क्षेत्र के अबाबर गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 18 वर्षीय युवक का शव एक सुनसान पड़े मकान के अंदर फंदे से लटका मिला। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है।

अबाबर निवासी सत्यनारायण के सात बेटों में शिवम सबसे छोटा था। सत्यनारायण कपड़े की फेरी लगाकर परिवार का खर्च चलाते हैं। उनके चार बेटे चेन्नई में रहकर काम करते हैं, जबकि तीन बेटे गांव में रहते हैं। मंगलवार सुबह शिवम का शव गांव में स्थित एक ऐसे मकान में मिला, जिसका इस्तेमाल परिवार नियमित रूप से नहीं करता था। बताया गया कि शव साड़ी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। शिवम को इस हालत में देखकर उसके पिता ने मकान का दरवाजा तोड़ा और उसे नीचे उतारा। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के परिजनों का कहना है कि 26 अगस्त को शिवम का गांव के ही कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पिता सत्यनारायण का आरोप है कि उन्होंने विवाद के संबंध में पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने आशंका जताई कि विवाद के चलते आरोपित युवकों ने शिवम के साथ मारपीट की और उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।

हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में एक अलग तथ्य सामने आया है। दिबियापुर कोतवाल राजकुमार के अनुसार, शिवम का घटना से पहले अपनी बहन से विवाद हुआ था। इसके बाद उसके आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपित बताए जा रहे युवकों से पूछताछ भी की है। कोतवाल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह अधिक स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News