Auraiya News: जून माह के कार्यक्रमों की डीएम ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Auraiya News: औरैया में जिलाधिकारी ने जून माह के दौरान आयोजित होने वाले जनसंपर्क, जनकल्याण और जनजागरूकता कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की।

Update:2026-06-04 10:39 IST

Auraiya News

Auraiya News: औरैया जनपद में जून माह के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न जनसंपर्क, जनजागरूकता एवं जनकल्याण कार्यक्रमों को लेकर जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 11 जून को विकासखंड औरैया में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को भव्य एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए अधिक से अधिक लोगों से संपर्क स्थापित किया जाए तथा जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों को समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान साफ-सफाई के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएं, ताकि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और स्वच्छ वातावरण का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

इसके अलावा जन कल्याण शिविरों और स्वास्थ्य मेलों के आयोजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जून को सदर तहसील, 15 जून को बिधूना तहसील तथा 16 जून को अजीतमल तहसील में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 जून को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यशाला में किसानों को ‘लाइव डेमो जोन’ के माध्यम से जीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक खाद तथा जैविक कीटनाशकों के निर्माण और उपयोग की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। इससे किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद भर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने आयुष विभाग और जिला पंचायत राज विभाग को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहकर तहसील, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके और सरकारी योजनाओं व जनहित कार्यक्रमों का लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

Tags:    

Similar News