Auraiya News: औरैया में आईपीएल सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 15 गिरफ्तार, लाखों की बरामदगी
Auraiya News: औरैया में आईपीएल सट्टा गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। 15 आरोपी गिरफ्तार, लाखों की नकदी और बैंक खातों में रकम जब्त की गई।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया जनपद में कोतवाली पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने छापेमारी कर मौके से 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 6.04 लाख रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 16 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक कीपैड फोन बरामद किया गया है। इसके अलावा जांच के दौरान 12 बैंक खातों में मौजूद 3.61 लाख रुपये की राशि को फ्रीज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि 26 अप्रैल की रात पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मोहल्ला बनारसीदास के एक किराए के मकान में आईपीएल मैचों पर अवैध सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर छापा मारा और 15 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से संगठित तरीके से सट्टा कारोबार चला रहे थे। पकड़े जाने के डर से ये लोग खुले स्थानों के बजाय किराए के मकानों में छिपकर अपना नेटवर्क संचालित करते थे। जांच में यह भी पता चला कि गिरोह ‘1ex99’ नामक लिंक के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा चला रहा था।
मुख्य आरोपी योगेश कुमार के बारे में जानकारी मिली है कि उसने जालौन के एक व्यक्ति से करीब 20 हजार रुपये में गेमिंग आईडी खरीदी थी। मोबाइल की जांच में कई ऑनलाइन आईडी और लेन-देन से जुड़े अहम सबूत भी बरामद हुए हैं। एसपी के अनुसार, योगेश कुमार तीन अलग-अलग आईडी के जरिए करीब 14.41 लाख रुपये के कॉइन्स ऑपरेट कर रहा था।गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश जालौन जनपद के निवासी हैं, जबकि दो आरोपी औरैया के बताए जा रहे हैं। कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उनके खिलाफ पहले से विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, अपराध निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह, स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप कुमार और सर्विलांस प्रभारी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।