Auraiya News: मैसेज आया, लेकिन खाते में नहीं पहुंची पीएम आवास की पहली किस्त, 70 लाभार्थी परेशान
Auraiya News: औरैया के अछल्दा नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के करीब 70 लाभार्थियों को पहली किस्त जारी होने का मैसेज मिला, लेकिन बैंक खातों में एक लाख रुपये नहीं पहुंचे।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया के अछल्दा नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत पहली किस्त को लेकर लाभार्थियों की परेशानी सामने आई है। करीब 70 लाभार्थियों के मोबाइल पर एक लाख रुपये की पहली किस्त खाते में जमा होने का मैसेज पहुंच गया, लेकिन बैंक खातों में रकम नहीं आई। इससे लाभार्थी असमंजस में हैं और मकान निर्माण का काम शुरू नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि, कुछ लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की धनराशि पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है।
लाभार्थियों विनीता देवी, धीरेंद्र, पिंकी देवी, रूबी देवी और हिमांशु ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये खाते में जमा होने का संदेश आया था। मैसेज मिलने के बाद जब उन्होंने बैंक जाकर खाते की जांच कराई तो उसमें धनराशि नहीं मिली। इसके बाद से वे लगातार संबंधित विभागों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।लाभार्थियों का आरोप है कि वे मामले की जानकारी लेने के लिए डूडा और सूडा कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन वहां से उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जाता। कभी भुगतान प्रक्रिया की जानकारी दी जाती है तो कभी इंतजार करने को कहा जाता है। ऐसे में उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि मोबाइल पर किस्त जमा होने का संदेश आने के बावजूद खाते में रकम क्यों नहीं पहुंची।
वार्ड नंबर सात के सभासद प्रतिनिधि फिरोज खान ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के करीब 70 लाभार्थियों के मोबाइल पर पहली किस्त जारी होने का मैसेज आया है, लेकिन उनके बैंक खातों में एक लाख रुपये नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि लाभार्थी रोजाना अपनी शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। विभागीय स्तर पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।इस समस्या से परेशान लाभार्थियों ने जिलाधिकारी औरैया को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप करने और पहली किस्त की धनराशि उनके बैंक खातों में जल्द जमा कराने की मांग की है। लाभार्थियों का कहना है कि आवास निर्माण के लिए किस्त का इंतजार कर रहे हैं। रकम नहीं मिलने से मकान बनाने का काम रुका हुआ है और उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।