Ayodhya News: 291 करोड़ की विकास सौगात, सीएम योगी 245 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
Ayodhya News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में 291 करोड़ रुपये की लागत वाली 245 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
Ayodhya News
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या को विकास की बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री नगर निगम की कुल 291 करोड़ रुपये लागत वाली 245 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 47 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 198 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्य समारोह अयोध्या के काशीराम कॉलोनी के निकट स्थित रामायण वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित होगा।महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित की जाने वाली 47 परियोजनाओं पर लगभग 25.31 करोड़ रुपये की लागत आई है। इनमें रामायण वैक्स म्यूजियम, जोनल कार्यालय का प्रशासनिक भवन, 10 ओपन जिम, मल्टीलेवल कार पार्किंग, इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, स्मार्ट स्कूल परियोजनाएं तथा विभिन्न पार्कों का निर्माण प्रमुख हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लगभग 264 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 198 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें माझा जमथरा क्षेत्र में पंपिंग स्टेशन का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कच्चे नालों का निर्माण, पार्किंग सुविधाओं का विकास, 74-बेड के वर्किंग वुमन हॉस्टल का निर्माण, 17.83 करोड़ रुपये की लागत वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण तथा कुशमाहा सहित विभिन्न स्थानों पर तालाब, पार्क, सड़क और यात्री निवास जैसी जनोपयोगी परियोजनाएं शामिल हैं।महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री के स्वागत एवं समारोह के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या महानगर क्षेत्र की चुनिंदा एक हजार हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने कार्यक्रम स्थल सहित मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण स्थलों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं। सफाई, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त किया गया है। संबंधित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर चूने का छिड़काव कराया गया है। सड़कों की मरम्मत कराई गई है तथा पूरे नगर निगम क्षेत्र में फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव भी कराया गया है।उन्होंने बताया कि लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं के निर्माण कार्यों को अंतिम रूप दे दिया गया है। शिलान्यास से संबंधित सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।