हनुमानगढ़ी में माथा टेक रामलला के दरबार पहुंचे सीएम योगी, प्रदेश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
Ayodhya News: अयोध्या पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी में संकटमोचन के दर्शन कर आरती उतारी। इसके बाद रामलला के दरबार में साष्टांग दंडवत होकर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
Ayodhya News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर रामनगरी पहुंचे। रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर आगमन के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। यहां से मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे। उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और आरती उतारकर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू होने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रामनगरी पहुंचे थे।
रामलला के चरणों में किया साष्टांग दंडवत
हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला के दर्शन किए। मंदिर में साष्टांग दंडवत होकर प्रभु के चरणों में शीश नवाया और देश-प्रदेशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और आमजन का मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। दर्शन-पूजन के समय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।