Azamgarh News: आजमगढ़ सड़क हादसा: निजी एंबुलेंस और टेंपो की टक्कर में दो की मौत, तीन गंभीर
Azamgarh News: आजमगढ़ के बरदह क्षेत्र में निजी एंबुलेंस ने सवारी से भरे टेंपो को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
Azamgarh News
Azamgarh News: 5 जून को बरदह थाना क्षेत्र के देवगांव-जिवली मार्ग पर राजेपुर हदीसा गांव के पास सवारी से भरे टेंपो को पीछे से एक निजी एंबुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में टेंपो में सवार एक महिला और एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जिवली से देवगांव की ओर जा रहे सवारी टेंपो और देवगांव से जौनपुर की ओर जा रही एक प्राइवेट मारुति एंबुलेंस के बीच पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह पहुंचाया गया। वहां प्रभारी चिकित्साधिकारी ने उपचार के दौरान 50 वर्षीय सुनीता मिश्रा पत्नी इंद्र प्रकाश, निवासी गोडहरा, बरदह तथा 24 वर्षीय अंगद पुत्र जयकिशुन, निवासी कुड़ियर, बरदह को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक रुस्तम पुत्र मोहम्मद असलम, निवासी गिरधरपुर, थाना देवगांव को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं टेंपो में सवार 45 वर्षीय कमला देवी पत्नी राजकुमार, निवासी रेतवा चंद्रभानपुर, थाना देवगांव को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जौनपुर भेजा गया।बताया गया कि मृतका सुनीता मिश्रा बैंक के कार्य से गोसाईंगंज जा रही थीं। उनके पति विदेश में निजी नौकरी करते हैं। परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वहीं मृतक अंगद घर से दवा लेने देवगांव जा रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त टेंपो व एंबुलेंस को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतका सुनीता मिश्रा के पुत्र रितेश मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा एंबुलेंस चालक की पहचान और तलाश की जा रही है। इस संबंध में सीओ लालगंज भूपेश पांडेय ने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।