Azamgarh News: आगामी परीक्षा को लेकर कमिश्नर और डीआईजी ने की समीक्षा बैठक, दी चेतावनी
Azamgarh News: आजमगढ़ मंडल में बीएड प्रवेश और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर व डीआईजी ने कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर कड़े निर्देश दिए।
आगामी परीक्षा को लेकर कमिश्नर और डीआईजी ने की समीक्षा बैठक, दी चेतावनी (Photo- Newstrack)
Azamgarh News: आजमगढ़ में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह ने परिक्षेत्रीय कार्यालय आजमगढ़ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह और पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के साथ बैठक कर विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।
बैठक में जनपदों में संगठित अपराध और माफियाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई की स्थिति पर चर्चा की गई। साथ ही पुलिस को मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित रिस्पांस, जनसुनवाई की व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यों की प्रगति तथा महिला संबंधी मामलों में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
आगामी परीक्षाओं की तैयारियों पर विशेष जोर
इसके बाद मंडलायुक्त आजमगढ़ विवेक और पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने आयुक्त सभागार आजमगढ़ में मंडलीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान आगामी बीएड प्रवेश परीक्षा तथा 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षाओं के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह से सुदृढ़ रखी जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण और महिला संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
लंबित अपहरण मामलों के निस्तारण के निर्देश
समीक्षा बैठक में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपहरण के मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों में अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं और उनसे संबंधित लंबित अभियोगों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
गौतस्करों, अवैध शराब तस्करों और माफियाओं पर सख्ती
बैठक में गौतस्करों और अवैध शराब तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा माफियाओं के खिलाफ लगातार और कड़ी कार्रवाई जारी रखने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों को न्यायालयों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए ताकि अपराधियों के खिलाफ चल रहे मामलों में मजबूत पक्ष रखा जा सके और मामलों का प्रभावी निस्तारण हो सके।
ऑपरेशन दहन और सड़क सुरक्षा योजना की समीक्षा
बैठक के दौरान पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन दहन’ की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही यातायात निदेशालय की ओर से संचालित ‘जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (जेडएफडी)’ सड़क सुरक्षा कार्ययोजना के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
सभी जिलों के अधिकारी रहे मौजूद
मंडलीय समीक्षा बैठक में परिक्षेत्र के सभी जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा आगामी परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।