Baghpat News: निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, ससुर-दामाद समेत दो मजदूरों की मौत; एक घायल
Baghpat News: बागपत के छपरौली कस्बे में निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबकर ससुर-दामाद समेत दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है।
Baghpat News
Baghpat News: जनपद के छपरौली कस्बे में गुरुवार शाम निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मकान का लिंटर (छज्जा) अचानक भरभराकर गिरने से वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे में ससुर-दामाद समेत दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, छपरौली कस्बे में कालू कुरैशी के निर्माणाधीन मकान का कार्य पिछले करीब ढाई माह से चल रहा था। गुरुवार शाम मजदूर मकान के लिंटर पर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक लिंटर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। तेज धमाके के साथ हुए हादसे में वहां मौजूद मजदूर मलबे के नीचे दब गए।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबा हटाकर दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दो मजदूरों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान छपरौली निवासी सुरेंद्र पुत्र सुखबीर (60 वर्ष) और उनके दामाद रोबिन पुत्र पालेराम (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में ससुर-दामाद थे और निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे।वहीं, तीसरा मजदूर कल्लू पुत्र सेवाराम निवासी चरथावल, जनपद मुजफ्फरनगर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई।
इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे छपरौली कस्बे में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई थी। जांच में यदि किसी की जिम्मेदारी सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।