Baghpat News: बागपत में सिलेंडर में आग लगने से 4 वर्षीय बच्चे की मौत, चार लोग गंभीर रूप से झुलसे

Baghpat News: बागपत के बड़ौत क्षेत्र में चाय बनाते समय सिलेंडर में आग लगने से हुए हादसे में 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

By :  Paras Jain
Update:2026-06-04 09:45 IST

Baghpat News

Baghpat News: बागपत में घर में चाय बनाते समय बड़े और छोटे सिलेंडर में आग लगने से झुलसे 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय भाई, दादा-दादी और चाचा भी झुलस गए। आग लगे सिलेंडर को किसी तरह घर के बाहर फेंका गया, जिसे पड़ोसियों ने काफी मशक्कत के बाद बुझाया। बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई, वहीं परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।दरअसल, यह घटना बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के पठानकोट मोहल्ले में देर रात हुई। यहां हासिम अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। देर रात घर में चाय बनाते समय अचानक बड़े सिलेंडर में गैस रिसाव होने से आग लग गई। इससे पास में रखा 5 किलोग्राम वाला छोटा सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया। आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई।

परिजन जान बचाने के लिए घर से बाहर भागे, लेकिन जब 4 वर्षीय जैद पुत्र हासिम कहीं दिखाई नहीं दिया तो सभी उसे तलाशने के लिए दोबारा घर के अंदर गए। घबराहट के कारण जैद एक चारपाई के नीचे छिप गया था। उसे बाहर निकालने के प्रयास में उसके दादा कय्यूम, दादी संजीदा और 10 वर्षीय भाई हुसैद भी झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे जैद को तत्काल दिल्ली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घर में आग लगे सिलेंडर को बाहर निकालने के दौरान जैद के चाचा वसीम भी बुरी तरह झुलस गए। सिलेंडर को घर से बाहर एक खाली प्लॉट में फेंक दिया गया, लेकिन उसके बाद भी उससे आग की ऊंची लपटें उठती रहीं, जिससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। बाद में पड़ोसियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने मृतक जैद का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।बताया गया है कि 4 वर्षीय जैद छह भाई-बहनों (दो भाई और चार बहनें) में सबसे छोटा था। उसके पिता हासिम वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य मजदूरी करते हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।

Tags:    

Similar News