Baghpat News: शिक्षक पर युवती को धमकाने और फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोप, मुकदमा दर्ज
Baghpat News: बागपत के बड़ौत में प्राइवेट स्कूल शिक्षक पर युवती ने मानसिक उत्पीड़न, जान से मारने की धमकी और फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया, केस दर्ज।
शिक्षक पर युवती को धमकाने और फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोप, मुकदमा दर्ज (Photo- Newstrack)
Baghpat News: बागपत जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में एक प्राइवेट स्कूल के शिक्षक के खिलाफ एक युवती को धमकाने और उसकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि हिमांशु (परिवर्तित नाम) एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक है, काफी समय से उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। शिकायत के अनुसार आरोपी ने उसके रिश्ते दो बार तुड़वा दिए और विरोध करने पर लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा।
पर्सनल फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसके परिवार के लोगों के साथ भी अभद्र व्यवहार करता था। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी शिक्षक के पास पीड़िता की कुछ पर्सनल फोटो और वीडियो हैं, जिन्हें वह वायरल करने की धमकी देकर उसे दबाव में लेने की कोशिश कर रहा था।
पीड़िता का आरोप है कि इस मामले को लेकर उसने पहले भी दो बार शिकायत की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उसने दोबारा कोतवाली बड़ौत पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351 और 352 में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है ।
वही इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी बड़ौत अंशु जैन का कहना है कि उक्त मामले में पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है। विवेचना की जा रही है। जो भी तथ्य आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।