मनोरंजन बना मातम का मंजर! जलपरी शो के दौरान फटा टैंक; कई मासूम हुए हादसे का शिकार

Bahraich Mela Accident: बहराइच में जलपरी शो का टैंक फटने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। दो बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद शो के संचालक फरार बताए जा रहे हैं।

Update:2026-11-03 13:10 IST

Bahraich Mela Tank Accident : यूपी के बहराइच मेले में एक बड़ा हादसा हो गया है। जलपरी शो का टैंक फटने से कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 4 बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जबकि दो बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इस हादसे में एक जलपरी भी घायल हुई है। घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की है। जलपरी शो के दौरान 20 हजार लीटर पानी से भरे कांच के टैंक का शीशा अचानक टूट गया, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। वहां पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

शो के दौरान अचानक टूटा टैंक का शीशा

पूरा मामला बहराइच जिले के फखरपुर कस्बे में दादा मियां उर्स मेले का है। मेले में जलपरी का शो चल रहा था। इस शो के लिए टैंक में 20 हजार लीटर पानी भरकर रखा गया था। शो को देखने के लिए करीब 40 लोग भी मौजूद थे, जिसमें बच्चे भी थे। शो के दौरान अचानक टैंक का शीशा टूट गया, जिसके बाद पानी की तेज धार बहने लगी और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

जानकारी के मुताबिक कुल मिलाकर 15 लोग इस हादसे में घायल हो गए, जिसमें चार बच्चे भी थे। टैंक के सामने खड़े बच्चे कांच की चपेट में आ गए। उनके सिर और चेहरे पर चोट आई है। घायलों में अर्श (8 साल), बुरऊ (7 साल), अहद खान (8 साल) और मोहम्मद सादिक (9 साल) शामिल हैं। ये सभी बच्चे खालिदपुर गांव के रहने वाले थे।

शो संचालक फरार, FIR दर्ज

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पानी के प्रेशर की वजह से कांच की दीवार टूट गई। जिसके बाद भगदड़ जैसे हालात बन गए और कई बच्चे पानी के तेज बहाव में 2-3 मीटर तक बह गए। पुलिस के मुताबिक जलपरी शो की परमिशन नहीं ली गई थी। ऐसे में जलपरी शो के संचालक शादाब और उर्स कमेटी के अध्यक्ष वाजिद खान समेत 5 लोगों पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। हादसे के बाद आयोजक और केयरटेकर मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News