Bahraich News: बहराइच में 8 वर्षीय मासूम की हत्या से सनसनी, पुरानी रंजिश की आशंका
Bahraich News: बहराइच के कैसरगंज थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय मासूम बच्चे की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।
Bahraich News
Bahraich News: बहराइच जनपद के कैसरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दयालपुरवा दाखिला मंझारा तौकली में 8 वर्षीय मासूम बच्चे की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पूरा क्षेत्र मातम में डूब गया है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मासूम बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए थे। कुछ समय बाद गांव के बाहर बच्चे का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक आशंका के अनुसार बच्चे की बेरहमी से हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर थानाध्यक्ष कैसरगंज राजेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डी.के. श्रीवास्तव तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।जनपदीय फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। वहीं, स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना कैसरगंज में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में नामजद एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।एसपी बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।