Balrampur News: एक्शन मोड में डिप्टी CM बृजेश पाठक, कहा- ऑपरेशन के नाम पर हुई वसूली तो होगी कार्रवाई

Balrampur News: बलरामपुर जिला अस्पताल के निरीक्षण में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मरीजों से इलाज की जानकारी ली और वसूली की शिकायत सही मिलने पर सख्त कार्रवाई की बात कही।

Update:2026-08-08 17:23 IST

एक्शन मोड में डिप्टी CM बृजेश पाठक, कहा- ऑपरेशन के नाम पर वसूली पर होगी कार्रवाई (Photo- Newstrack)

Balrampur News: बलरामपुर जिला अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर मरीजों से वसूली के सवाल पर शनिवार को डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक सख्त नजर आए। एक दिवसीय दौरे पर बलरामपुर पहुंचे पाठक ने जिला अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण किया। इमरजेंसी में मरीजों से सीधे बात कर इलाज की जानकारी ली और अस्पताल की व्यवस्थाएं देखीं। साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, मेंटेनेंस और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की भी पड़ताल की। वसूली के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि शिकायत सही पाई गई तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

डिप्टी सीएम ने कहा कि बलरामपुर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाले जिलों में है। सरकार का प्रयास है कि यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। उन्होंने दावा किया कि जिले में दवाओं की कोई कमी नहीं है। अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

बारिश में अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने पर जोर

बरसात के मौसम को देखते हुए डिप्टी सीएम ने अस्पतालों की साफ-सफाई और मेंटेनेंस व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित सभी अस्पतालों की नियमित देखभाल की जाए। अस्पताल परिसर में लंबे समय से खड़ी पुरानी और अनुपयोगी गाड़ियों को तत्काल निष्प्रयोज्य घोषित कर हटाया जाए, ताकि अस्पताल परिसर साफ-सुथरा रहे।

उन्होंने जिला स्तर पर संचालित तीन अस्पतालों में ओपीडी बढ़ाने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा कि ज्यादा से ज्यादा मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिले और अनावश्यक रूप से उन्हें बड़े अस्पतालों की ओर रेफर न किया जाए।

ग्राम प्रधान और ब्लॉक प्रमुखों से संवाद करें अफसर

स्वास्थ्य व्यवस्था को गांवों तक मजबूत करने के लिए डिप्टी सीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जनप्रतिनिधियों से समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधानों से संवाद स्थापित किया जाए। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेकर उनका समाधान कराया जाए।

पाठक ने कहा कि केवल अस्पतालों में सुविधाएं उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मरीजों को उनका लाभ भी मिलना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी और संवाद की व्यवस्था मजबूत करनी होगी।

सपा पर हमला: ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताया पीडीए

अस्पताल निरीक्षण के बाद राजनीतिक मुद्दों पर भी डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि सपा अपने अंतर्द्वंद्व से गुजर रही है। पार्टी का गठन डॉ. राम मनोहर लोहिया, जनेश्वर मिश्र और आचार्य नरेंद्र देव के सिद्धांतों को लेकर हुआ था, लेकिन अब पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है।

उन्होंने कहा कि लोहिया जी का विचार था कि जो परिवार से सटेगा, वह समाज से कटेगा। आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अब एक परिवार की ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ बन गई है। पीडीए पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में इसका अर्थ ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी का प्रदेश की जनता से कोई लेना-देना नहीं है।

ब्राह्मण समाज के सवाल पर भी सपा को घेरा

ब्राह्मण समाज को लेकर सवाल पूछे जाने पर पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी अनावश्यक रूप से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा को किसी समाज की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि जब पत्रकारों को भी नहीं छोड़ा जाता तो किसी और को क्या छोड़ेंगे। उन्होंने दोहराया कि सपा एक पारिवारिक पार्टी बन चुकी है और उसका ध्यान प्रदेश की जनता के बजाय परिवार पर है।

आरक्षण के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम करती है। सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है।

2017 से पहले अपराधियों को संरक्षण का आरोप

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि 2017 से पहले गुंडे, माफिया और अपराधी दूसरी सरकारों के संरक्षण में फल-फूल रहे थे। बलरामपुर भी इससे अछूता नहीं था। उस समय बिजली-पानी की स्थिति खराब थी, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं थे और स्कूलों में शिक्षक नहीं थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था में बड़ा बदलाव हुआ है। अपराधियों और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। उन्होंने दावा किया कि अब बहन-बेटियां सुरक्षित माहौल में घर लौट रही हैं। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी और कानून व्यवस्था समेत हर क्षेत्र में आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इससे पहले डिप्टी सीएम ने पूर्व मंत्री स्वर्गीय हनुमत सिंह के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा भी की।

Tags:    

Similar News