Balrampur News: शादी में महिलाओं के विवाद के बाद युवक की हत्या, 4 गिरफ्तार

Balrampur News: बलरामपुर के सादुल्लानगर में शादी समारोह के दौरान महिलाओं की कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

Update:2026-05-16 16:47 IST

शादी में महिलाओं के विवाद के बाद युवक की हत्या, 4 गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Balrampur News: बलरामपुर के थाना सादुल्लानगर थाना क्षेत्र (Sadullanagar Police Station) में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब महिलाओं के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी के कार्यक्रम में महिलाओं के बीच विवाद

पुलिस के अनुसार घटना 14 मई की रात गोल्हीपुर गांव स्थित काली मंदिर के पास हुई। यहां जयकरन कश्यप के बेटे की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। मउर सेरवाने की रस्म के दौरान महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान परशुरामपुर निवासी तेज बहादुर यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामदास कश्यप, रिंकू, जयकरन कश्यप और हजारी ने मिलकर तेज बहादुर पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने पहले लोहे की रॉड से सिर पर वार किया, जिससे तेज बहादुर लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से पिटाई जारी रखी। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल को तत्काल सीएचसी सादुल्लानगर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोंडा रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने थाना सादुल्लानगर में तहरीर देकर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मथुरा-मनकापुर रोड से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

लोहे की रॉड से किया हमला

पूछताछ में आरोपी रिंकू ने स्वीकार किया कि उसी ने चेन स्पाकेट लगी लोहे की रॉड से तेज बहादुर के सिर पर वार किया था। बाकी आरोपियों ने भी डंडों से हमला किया। घटना के बाद सभी आरोपी डरकर भाग गए थे और लखनऊ फरार होने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गोल्हीपुर गांव के बगीचे में झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और दो लकड़ी के डंडे बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार दो आरोपियों के खिलाफ पहले से मारपीट और धमकी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।

Tags:    

Similar News