Banda News: प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
Banda News: बांदा में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने केंद्र के 12 और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर योजनाओं, उपलब्धियों व विकास कार्यों की जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां (Photo- Newstrack)
Banda News: बांदा। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात दिनेश प्रताप सिंह ने बांदा दौरे के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद भी किया।
सर्किट हाउस सभागार में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को सीधे लाभ पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद सम्मेलन में उन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' की भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में जातिवाद और भेदभाव की राजनीति के स्थान पर विकास और सेवा की संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित प्रबुद्धजनों से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के बीच पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व विवादों से जुड़े एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। चर्चा के दौरान डिजिटल भुगतान व्यवस्था, डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों को सीधे लाभ पहुंचाने, जीरो टॉलरेंस नीति, खाद्यान्न उपलब्धता, महिला सुरक्षा और स्वावलंबन, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। वहीं आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत नियुक्ति पत्र और प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए। साथ ही कृषकों को उन्नतशील प्रजातियों के बीजों के मिनी किट उपलब्ध कराए गए।
सम्मेलन में शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, उद्योग, व्यापार और अधिवक्ता क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्धजनों ने भाग लिया और अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी, विधायक नरैनी ओममणि वर्मा, एमएलसी जितेन्द्र सिंह सेगर, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अमित आसेरी, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग बांदा द्वारा आयोजित चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारम्भ किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले विभिन्न स्टॉलों की जानकारी प्राप्त की।