Banda News: बांदा बना देश का सबसे गर्म जिला, तापमान 47 पार, अलर्ट जारी

Banda News: भीषण गर्मी और 47 डिग्री पार तापमान ने बांदा को हीट वेव का केंद्र बना दिया है, जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने और बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

By :  Anwar Raza
Update:2026-04-27 20:30 IST

बांदा बना देश का सबसे गर्म जिला, तापमान 47 पार, अलर्ट जारी (Photo- Newstrack)

Banda News: बांदा (यूपी): उत्तर प्रदेश का बांदा जिला इस समय देश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल हो गया है। यहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी और तेज लू के कारण बांदा हीट वेव का केंद्र बन चुका है और पूरे देश में सबसे अधिक तापमान दर्ज करने वाले जिलों में इसकी गिनती हो रही है।

गर्मी का असर केवल इंसानों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। लोग जहां घरों में कैद होने को मजबूर हैं, वहीं आवारा जानवर और पक्षी भी तपिश से बेहाल नजर आ रहे हैं। कई जगहों पर पक्षियों के बेहोश होकर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

प्रशासन अलर्ट, जारी की एडवाइजरी

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला अधिकारी अमित आसेरी ने एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना आवश्यक हो तो सिर को ढककर रखें, छाता या तौलिया का उपयोग करें और अपने साथ पानी की बोतल जरूर रखें। साथ ही अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

राहत के इंतजाम, प्याऊ और कूलिंग सेंटर शुरू

जिला प्रशासन ने गर्मी से राहत दिलाने के लिए शहर में 23 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की है। इसके अलावा प्रमुख चौराहों पर कूलिंग सेंटर बनाए गए हैं, जहां राहगीर कुछ समय रुककर राहत महसूस कर सकते हैं। पशुओं के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं और विभिन्न स्थानों पर पानी से भरी नांद रखवाई जा रही हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में नहरों और ट्यूबवेल के माध्यम से तालाबों में पानी भरवाया जा रहा है, ताकि पशुओं को पीने के पानी की कमी न हो। जिला अधिकारी ने लोगों से अपने घरों के बाहर पक्षियों के लिए पानी रखने की अपील भी की है।

भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखने लगा है। अस्पतालों में डायरिया, उल्टी और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बाजार और कचहरी जैसे सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि बुंदेलखंड क्षेत्र को फिलहाल इस भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में प्रशासन और नागरिकों दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Tags:    

Similar News