Banda News: विश्व पर्यावरण दिवस पर पेड़ों को बचाने के लिए बनाई गई मानव श्रृंखला, प्रशासन को चेतावनी
Banda News: विश्व पर्यावरण दिवस पर बांदा में पेड़ कटान की आशंका के विरोध में लोगों ने मानव श्रृंखला बनाई, प्रशासन को चेतावनी देते हुए आंदोलन की घोषणा की।
विश्व पर्यावरण दिवस पर पेड़ों को बचाने के लिए बनाई गई मानव श्रृंखला, प्रशासन को चेतावनी (Photo- Newstrack)
Banda News: आज विश्व पर्यावरण दिवस है और पूरा देश पर्यावरण बचाने का संकल्प ले रहा है। लेकिन बांदा से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां गायत्री चौराहा के आगे कालका चौराहा के पास हरे-भरे पेड़ों को काटने की तैयारी का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों ने पेड़ों के चारों तरफ मानव श्रृंखला बनाकर तीखा विरोध दर्ज कराया।
5 जून 2026, बांदा। विश्व पर्यावरण दिवस के दिन ही बांदा में पर्यावरण बचाने की जंग शुरू हो गई। स्थानीय निवासी गुलाब चंद्र कुशवाहा की सूचना पर 'बांदा जन जंगल पहाड़ बचाओ अभियान' के कार्यकर्ता और छात्र नेता मौके पर पहुंचे। आरोप है कि गायत्री चौराहा के आगे कालका चौराहा के पास कई हरे-भरे पेड़ों को काटने की तैयारी चल रही थी।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुरेंद्र मिश्रा 'पप्पू', लव सिन्हा, शैलेंद्र कुमार वर्मा, साजिद अली, सचिन सिंह, लियाकत अली, अरविंद श्रीवास्तव, गुलाब चंद्र कुशवाहा, पवन, ताहिर अली और अतुल साहू समेत दर्जनों लोगों ने पेड़ों को घेरकर मानव श्रृंखला बनाई।
आंदोलनकारियों का कहना है कि ये पेड़ मुख्य रोड से काफी दूर हैं। भविष्य में भी विकास के नाम पर इन्हें काटना पर्यावरण विरोधी कदम होगा।
सुरेंद्र मिश्रा 'पप्पू', पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा- "एक तरफ सरकार पर्यावरण बचाने की बात कह रही है, वहीं दूसरी तरफ हरे-भरे पेड़ों की बलि दी जा रही है। अगर इन पेड़ों को काटा गया तो बांदा की जनता चुप नहीं बैठेगी। बड़ा जन आंदोलन होगा।"
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि पेड़ कटे तो उग्र आंदोलन होगा और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल मौके पर भारी संख्या में लोग डटे हैं और पेड़ों की रक्षा का संकल्प दोहरा रहे हैं।