Banda News: बांदा में वृक्षारोपण महाअभियान की खुली पोल, मुक्तिधाम में सूखे सैकड़ों पौधे

Banda News: वन विभाग से मिले सैकड़ों पौधे मुक्तिधाम परिसर में रोपे या वितरित नहीं किए गए। देखरेख के अभाव में पौधे सूख गए, मामले पर सवाल उठ रहे हैं।

By :  Anwar Raza
Update:2026-07-25 16:25 IST

बांदा में वृक्षारोपण महाअभियान की खुली पोल, मुक्तिधाम में सूखे सैकड़ों पौधे (Photo- Newstrack)

Banda News: उत्तर प्रदेश सरकार जहां एक तरफ करोड़ों के बजट से पूरे प्रदेश को हरा-भरा बनाने के लिए 'वृहद वृक्षारोपण संकल्प' चला रही है, वहीं जनपद बांदा में इस दावों की धज्जियां उड़ती दिखाई दे रही हैं। वन विभाग द्वारा नगर पालिका को बांटे गए सैकड़ों फलदार और छायादार पौधे रोपे जाने के बजाय अधिकारियों की लापरवाही के कारण किनारे पड़े सूख रहे हैं। सरकारी बजट से आए इन पौधों की इस दुर्दशा का जिम्मेदार आखिर कौन है?

पर्यावरण को बचाने के नाम पर हो रही खानापूर्ति

ये तस्वीरें गवाह हैं बांदा में प्रशासनिक लापरवाही और पर्यावरण को बचाने के नाम पर हो रही खानापूर्ति की। मामला क्योटरा यानी हरदौली घाट मुक्तिधाम परिसर का है, जहां नवनिर्मित विद्युत शवदाह गृह के पास सैकड़ों पौधे आज दम तोड़ चुके हैं। सरकार का संकल्प था कि इन पौधों को नगर पालिका के जरिए जनता के बीच बांटा जाएगा और मुक्तिधाम को हरा-भरा किया जाएगा। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि इन पौधों को रोपने या वितरित करने के बजाय धूप में सूखने के लिए लावारिस छोड़ दिया गया।

पौधे वन विभाग से हरे-भरे चले थे

मुक्तिधाम के माली जगमोहन के इस बयान ने नगर पालिका प्रशासन के गैर-जिम्मेदाराना रवैये की पोल खोल कर रख दी है। जो पौधे वन विभाग से हरे-भरे चले थे, वे नगर पालिका के लोडर तक आते-आते सूख गए और जो थोड़े बहुत बचे, उन्हें यहां लाकर मरने के लिए छोड़ दिया गया। बड़े-बड़े वीआईपी नेता और अधिकारी चाहे वो ईओ हों या चेयरमैन सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए वृक्षारोपण सप्ताह में आते हैं, लेकिन उनके जाने के बाद इन पौधों की सुध लेने वाला कोई नहीं होता।

लाखों-करोड़ों का सरकारी बजट पर्यावरण के नाम पर पानी की तरह बहाया जा रहा है, लेकिन बांदा की नगर पालिका की इस घोर लापरवाही पर अब तक उच्चाधिकारी मौन हैं। अब देखना यह होगा कि सरकारी धन की इस बर्बादी और लापरवाही पर बांदा जिलाधिकारी या संबंधित विभाग क्या एक्शन लेते हैं, या फिर कागजों पर ही जनपद को ऐसे ही हरा-भरा दिखाया जाता रहेगा।

Tags:    

Similar News