Barabanki News: बाराबंकी में 20 फीट अजगर ने हिरण निगला, ग्रामीणों के शोर से छोड़ा, वन विभाग पर सवाल
Barabanki News: बाराबंकी में 20 फीट लंबे अजगर द्वारा हिरण को निगलने की घटना से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के शोर पर अजगर ने हिरण को छोड़ दिया। वन विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में आक्रोश है।
Barabanki News(Photo-Social Media)
Barabanki News: बाराबंकी जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर गांव के बाहर जंगलों में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने एक खौफनाक नजारा देखा। लगभग 20 फीट लंबे विशालकाय अजगर ने एक बड़े हिरण को दबोच रखा था और उसे मुंह की तरफ से जिंदा निगलने की कोशिश कर रहा था। इस दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें अजगर हिरण को पूरी तरह अपनी जकड़ में लिए हुए दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि झाड़ियों में हलचल देख जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो अजगर का विशालकाय आकार देखकर सहम गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों द्वारा शोर-शराबा करने और हो-हल्ला मचाने पर अजगर हिरण को छोड़कर पास के जंगलों की ओर भाग निकला। हालांकि, तब तक अजगर की जकड़ और मुंह की तरफ से निगले जाने के कारण हिरण की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों व मवेशियों की सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित हैं।
वहीं घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग के प्रति फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के घंटों बीत जाने के बाद भी वन विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवरों की मौजूदगी रहती है, लेकिन वन विभाग हमेशा लापरवाही बरतता है। फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से गांव के कुछ युवा लाठी-डंडों के साथ अजगर पर नजर बनाए हुए हैं ताकि वह आबादी वाले इलाके की तरफ न रुख करे।