Barabanki News: कड़ी सुरक्षा में नीट-यूजी परीक्षा शुरू, 8 केंद्रों पर 2788 अभ्यर्थी शामिल

Barabanki News: बाराबंकी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नीट-यूजी परीक्षा शुरू हो गई।

Update:2026-06-21 14:47 IST

Barabanki News(Photo-Social Media)

Barabanki News: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) रविवार को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। जिले में कुल 2788 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। देशभर में आयोजित हो रही इस परीक्षा में लगभग 22 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं, जबकि 5500 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बाराबंकी के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज समेत सभी केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से ही अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो गया। प्रवेश से पहले छात्रों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा कर्मी मेटल डिटेक्टर और विशेष स्कैनिंग उपकरणों से अभ्यर्थियों के बालों तक की जांच कर रहे हैं।

परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्रों में प्रवेश दिया गया। जिले के आठ केंद्रों पर पुलिस, प्रशासन, सीआरपीएफ और एसटीएफ की टीमें सतर्क हैं। सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी आसपास निगरानी कर रहे हैं। परीक्षा के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पहले सुरक्षा घेरे में केंद्रों के बाहर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं तथा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में अनावश्यक व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। दूसरे घेरे में अभ्यर्थियों की पहचान, एडमिट कार्ड सत्यापन और बायोमीट्रिक जांच की जा रही है। तीसरे और सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा घेरे में परीक्षा कक्षों के भीतर सीसीटीवी कैमरों, फ्लाइंग स्क्वॉड और पर्यवेक्षकों की निगरानी रखी जा रही है।

रविवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, बिजली बैकअप, इंटरनेट कनेक्टिविटी, बायोमीट्रिक मशीनों और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई थी। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी प्रकार की अफवाह या अनियमितता न फैल सके।

Tags:    

Similar News