Barabanki News: बीजेपी झंडा लगी इनोवा ने दंपती को मारी टक्कर, बच्चा घायल, पुलिस पर उठे सवाल

Barabanki News: बाराबंकी में बीजेपी झंडा लगी कार ने दंपती को मारी टक्कर, पुलिस की निष्क्रियता पर लोगों में आक्रोश

Update:2025-10-23 21:02 IST

बीजेपी झंडा लगी इनोवा ने दंपती को मारी टक्कर  (photo; social media )

Barabanki News: बाराबंकी जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम बीजेपी झंडा लगी एक इनोवा कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्चा घायल हो गया जबकि मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने न तो कार सवारों पर कोई कार्रवाई की और न ही पीड़ित परिवार की बात सुनी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे नगर कोतवाली क्षेत्र के टेस्टी वाइट के पास लखनऊ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बीजेपी झंडा लगी इनोवा कार को एक महिला चला रही थी जिसमें करीब दर्जनभर लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि कार ने सामने जा रहे बाइक सवार पति-पत्नी और उनके बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिर पड़े और बच्चा घायल हो गया।

मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई

टक्कर के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब बाइक सवार दंपती ने बच्चे की चोट देखकर विरोध किया तो कार में सवार एक व्यक्ति ने महिला चालक के साथ मिलकर उनसे धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना की सूचना पाकर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन लोगों का आरोप है कि पुलिस ने पीड़ित परिवार को वहां से भगा दिया और कार सवारों को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। इससे भीड़ में नाराजगी फैल गई।

पुलिस कार्रवाई से बचती हुई नजर आई

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार पर भारतीय जनता पार्टी का झंडा लगा हुआ था जिसके चलते पुलिस कार्रवाई से बचती हुई नजर आई। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि अगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की होती तो बाइक सवार दंपती को न तो मारपीट झेलनी पड़ती और न ही अपमान का सामना करना पड़ता, जबकि टक्कर उसी को लगी थी फिर भी उसे ही वहां से भगा दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में टक्कर के बाद हंगामा और पुलिस की मौजूदगी साफ दिखाई दे रही है।

Tags:    

Similar News