Barabanki News: सांप काटने से किशोर की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप
Barabanki News: बताया जा रहा है कि मोहम्मद आसिफ सो रहा था तभी अचानक सांप ने उसे काट लिया।
Barabanki News
Barabanki News: जिले के फतेहपुर नगर पंचायत क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां शनिवार देर रात नींद में सो रहे 15 वर्षीय किशोर की सांप के काटने से मौत हो गई। यह घटना मोहल्ला मिदहनपुरवा की है। मृतक का नाम मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद इरफान बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पर चिकित्सकों की लापरवाही ने उनके बेटे की जान ले ली।
घटना बीती रात करीब 3 बजे की है। बताया जा रहा है कि मोहम्मद आसिफ सो रहा था तभी अचानक सांप ने उसे काट लिया। घर वालों ने आसिफ की स्थिति बिगड़ते देख हड़बड़ी में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फतेहपुर पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर देशराज ने प्राथमिक उपचार शुरू किया लेकिन हालात खराब देख उसे जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया।
परिजनों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज गंभीरता से नहीं किया गया। मृतक की मां ने बताया की रात 3 बजे हमारे बच्चे को सांप ने काटा। हम तुरंत अस्पताल पहुंचे। पहले एक डॉक्टर आए उन्होंने पर्चा लिखा फिर दूसरे डॉक्टर आए। दो ग्लूकोज लगाए गए एक छोटा और एक बड़ा लगाने के बाद भी उन्होंने पर्चा फाड़कर फेंक दिया और इशारा करते हुए रेफर करने को कहा। सही इलाज न मिलने के कारण हमारा बच्चा खत्म हो गया।
जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही आसिफ की मौत हो गई। घटना की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। गांव के लोगों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं का अभाव और लापरवाही कई बार सामने आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि फतेहपुर सीएचसी में समय पर सही इलाज मिलता तो मासूम आसिफ की जान बच सकती थी।