Barabanki News: मां और तीन बेटियों की मौत, घटना की जांच में जुटी पुलिस

Barabanki News: बाराबंकी में महिला और उसकी तीन बेटियों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है और परिजनों से जानकारी जुटा रही है अब।

Update:2026-11-13 22:53 IST

मां और तीन बेटियों की मौत, घटना की जांच में जुटी पुलिस (Photo- Newstrack)

Barabanki News: बाराबंकी में आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जुड़ी एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, महिला लंबे समय से मानसिक तनाव में थी और परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर परेशान रहती थी। वह कई बार अपने पति से बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान देने की बात कह चुकी थी। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

मां और तीन मासूम बेटियों की हुई मौत

मृतकों की पहचान कोतवाली नगर क्षेत्र के गांधी नगर निवासी किरण देवी पाल (39), उनकी जुड़वा बेटियों कनिष्का और अनुष्का (7) तथा छोटी बेटी काव्या (5) के रूप में हुई है। किरण के पति राम तेजपाल वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। वह मूल रूप से बहराइच जिले के रहने वाले हैं और अपने परिवार के साथ बाराबंकी में रहते हैं। दंपती की चार बेटियां थीं। इनमें सबसे बड़ी बेटी रिया (12) घटना के समय अपने पिता के साथ बाजार गई हुई थी। इसी दौरान किरण अपनी तीनों छोटी बेटियों के साथ ट्रेन की चपेट में आ गईं।

आर्थिक तंगी और इलाज के खर्च को लेकर रहती थी परेशान

परिजनों के मुताबिक, किरण लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। चार बेटियों के पालन-पोषण और परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर वह अक्सर चिंता में रहती थी। पति की सीमित आमदनी में घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था। इसके अलावा उसे अपनी बीमारी के इलाज पर होने वाले खर्च की भी चिंता सताती थी। उसे डर था कि अगर इलाज में ही परिवार की सारी कमाई खर्च हो गई तो बच्चों का पालन-पोषण कैसे होगा।

बताया जाता है कि किरण अक्सर अपने पति से अपनी परेशानियों का जिक्र करती थी। वह कई बार कह चुकी थी कि वह बहुत परेशान है और बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे देगी। परिवार के मुताबिक, उसकी मानसिक स्थिति और आर्थिक परेशानियां लगातार चिंता का विषय बनी हुई थीं।

पिता के साथ बाजार गई थी 12 वर्षीय बेटी रिया

आज को राम तेजपाल अपनी 12 वर्षीय बेटी रिया को लेकर बाजार गए थे। घर पर किरण अपनी तीनों छोटी बेटियों कनिष्का, अनुष्का और काव्या के साथ थी। इसी दौरान चारों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और तीन बेटियों को एक साथ खोने से राम तेजपाल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, 12 वर्षीय रिया ने भी अपनी मां और तीनों बहनों को खो दिया। जिस समय वह पिता के साथ बाजार गई थी, उसे अंदाजा भी नहीं था कि लौटने पर उसकी दुनिया पूरी तरह उजड़ चुकी होगी।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। महिला और तीनों बच्चियां किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आईं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। फिलहाल घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।

Tags:    

Similar News