Bareilly News: मीरगंज रामगंगा नदी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत, गांव में पसरा मातम
Bareilly News: मीरगंज में रामगंगा नदी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Bareilly News(Photo-Social Media)
Bareilly News: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम गोरा लोकनाथपुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में रामगंगा नदी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोरा लोकनाथपुर निवासी मनोज पुत्र मनवीर रविवार दोपहर अपने गांव के ही साथियों के साथ पशु चराने के लिए रामगंगा नदी किनारे गया था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात हुई बारिश और नदी में पानी छोड़े जाने के कारण रामगंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ था तथा नदी का बहाव भी काफी तेज था। इसके बावजूद सभी बच्चे दोपहर करीब 12 बजे नदी में नहाने उतर गए। नहाते समय मनोज अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। साथी बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद घबराए बच्चों ने शोर मचाते हुए गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी देर तक तलाश अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद मनोज को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी मातम का माहौल छा गया।
घटना की सूचना पर मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का है। मृतक के परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक मीरगंज ने बताया कि पंचायतनामा भरने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों से बरसात के मौसम में तेज बहाव वाली नदियों और जलाशयों से दूर रहने की अपील की गई है।