गला दबाया, पैरों को काटा..मुस्कान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट देख कांप जाएगी रूह
Badaun Murder Case: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गालम पट्टी गांव में रहने वाली 28 साल की डांसर मुस्कान बीते 19 फरवरी को अचानक लापता हो गयी थी।;
badaun news
Badaun Murder Case: उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में बीते 19 फरवरी से लापता डांसर मुस्कान की बीते दिनों गड्ढे में दफन की गयी लाष बरामद की गयी। पुलिस जांच में यह सामने आया कि मुस्कान की हत्या उसके पति रिजवान की थी। मुस्कान के शव को गड्ढे से निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अब मुस्कान की पोस्टमार्टम सामने आ गयी। जिससे देख यह साफ है कि मुस्कान की हत्या बेहद निर्दयता के साथ की गयी थी। वहीं 40 दिन तक गड्ढे में दफन होने के कारण शव पूरी से गल चुका था। इसलिए मुस्कान की पहचान के लिए पुलिस उसके चार साल के बेटे शोहेब का डीएनए टेस्ट कराएगी। मुस्कान की पहचान अब केवल शोहेब ही करा सकता है।
चार साल पहले हुआ था विवाह
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गालम पट्टी गांव में रहने वाली 28 साल की डांसर मुस्कान बीते 19 फरवरी को अचानक लापता हो गयी थी। कई दिनों तक खोजबीन करने के बाद जब मुस्कान का कहीं पता नहीं चल सका। तब मुस्कान के मामा ने पति रिजवान और उसकी पहली पत्नी जैनेब (ग्राम प्रधान) के खिलाफ अपहरण का एफआईआर दर्ज करायी थी। साथ ही मुस्कान के साथ अनहोनी होने की भी आशंका जतायी थी।
पुलिस ने छानबीन के दौरान उझानी कोतवाली क्षेत्र के अल्लापुर भोगी गांव में रहने वाले पति रिजवान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रिजवान ने बताया कि उसने नरऊ गांव के राधेश्याम उर्फ हलवाई और रामऔतार उर्फ विनेगा के साथ मिलकर मुस्कान की हत्या कर दी थी। रिजवान ने हत्या करने के लिए दोनों को 70-70 हजार रुपये भी दिए थे। पुलिस ने हत्यारोपियों की निशानदेही पर उझानी के नरऊ गांव में एक खेत के पास गड्ढे से मुस्कान का कंकाल बरामद किया। जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
मुस्कान की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हत्या के समय की निर्दयता साफ झलक रही है। डांसर मुस्कान की हत्या गला दबाकर की गयी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुस्कान के बाएं पैर की हड्डी भी कटी हुई मिली। जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि कातिलों ने हत्या करने के बाद उसके पैर पर किसी धारदार हथियार से वार किया था। वहीं पुलिस मुस्कान के शव की सटीक पहचान के लिए उसके चार साल के मासूम बेटे शोहेब का डीएनए टेस्ट कराएगी। पुलिस ने शव के नमूनों को भी सुरक्षित कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में रिजवान ने बताया कि उसकी पहली पत्नी जैनेब ग्राम प्रधान है। चार साल पहले उसका मुस्कान से प्रेम प्रसंग हो गया था जिसके बाद उसने दूसरा निकाह कर लिया था। मुस्कान से उसका एक बेटा शोहेब भी है। पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया है। घटना के संबंध में सिविल लाइंस इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि डांसर मुस्कान के शव के साक्ष्य के तौर पर नमूने व उसके मासूम बेटे के डीएनए नमूनों को लैब भेजा जाएगा। पुलिस मामले की विधिक कार्यवाही कर रही है।
मुस्कान की ये मांग बन गयी मौत की वजह
शादी करने के बाद मुस्कान अपने पति रिजवान के साथ अलग रह रही थी। बताया जा रहा है कि शादी के एक साल बाद उसने बेटे शोहेब को जन्म दिया। रिजवान घर चलाने और बेटे के पालन-पोषण के लिए मुस्कान को केवल दस हजार रुपए ही देता है जोकि काफी कम था। मुस्कान रिजवान ने हर माह 40 हजार रुपए देने की मांग कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा भी होता था। वहीं मुस्कान रिजवान को अपने साथ रहने का दबाव भी बना रही थी। मुस्कान की मांग से परेशान रिजवान ने उसे रास्ते से हटाने का मन बना लिया।